कैमूर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल ने मनाया 14वां स्थापना दिवस, डीएम ने कर्मियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम का उद्घाटन करते डीएम | Prabhat Khabar Network
कैमूर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल ने 14वां स्थापना दिवस मनाया, जहाँ डीएम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया. 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर दिया गया.
Kaimur Electricity Department Foundation Day : भभुआ ग्रामीण. साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कैमूर का 14वां स्थापना दिवस बुधवार को समारोहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता शशिकांत कुमार ने डीएम सहित अन्य अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया.
बेहतर काम करने वाले कर्मी हुए सम्मानित
समारोह के दौरान बिजली विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को डीएम के हाथों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने से कर्मियों में उत्साह दिखा. कार्यक्रम स्थल पर सोलर प्लेट की प्रदर्शनी भी लगायी गयी थी. इसके माध्यम से लोगों को सौर ऊर्जा के उपयोग और उसके फायदों की जानकारी दी गयी. साथ ही लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर प्लेट लगवाने की अपील की गयी.
पहले तीन-चार घंटे मिलती थी बिजली
समारोह को संबोधित करते हुए डीएम कुमार अनुराग ने कहा कि एक समय जिले में महज तीन से चार घंटे ही बिजली उपलब्ध हो पाती थी. लेकिन अब बिजली आपूर्ति व्यवस्था में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है. यह विभागीय प्रयासों और कर्मियों की मेहनत का परिणाम है.
24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने को लेकर चल रहा काम
उन्होंने कहा कि विभाग को बिजली व्यवस्था में लगातार सुधार करते हुए उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना चाहिए. अधिकारियों और कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश भी दिया.
समारोह में एडीएम, एसडीपीओ, एसडीएम सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए