कैमूर: भादो की पहली सोमवारी पर अमांव में उमड़ा आस्था का सैलाब, वाराणसी से गंगाजल लाकर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
AI से बनाई गई तस्वीर
भादो की प्रथम सोमवारी पर अमांव के श्री दयाल नाथ स्वामी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने गंगाजल से जलाभिषेक किया। मंदिर में दिनभर हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।
Kaimur News : भादो मास की प्रथम सोमवारी के अवसर पर अमांव गांव स्थित श्री दयाल नाथ स्वामी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. वाराणसी से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों ने भगवान शिव के शिवलिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक किया. सोमवार को पूरे दिन मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा.
आपके शहर में
वर्षों पुरानी परंपरा के तहत वाराणसी से लाया गया गंगाजल
ग्रामीणों ने बताया कि अमांव गांव में भादो मास की पहली सोमवारी पर वाराणसी से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है. ग्रामीण हर वर्ष इस परंपरा का श्रद्धा के साथ पालन करते हैं. इसी क्रम में शनिवार को कांवरियों का जत्था वाराणसी पहुंचा था. वहां से गंगाजल लेकर कांवरिए सोमवार को अमांव पहुंचे और श्री दयाल नाथ स्वामी महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया.
सुबह से मंदिर में जुटने लगे श्रद्धालु
प्रथम सोमवारी के मौके पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम चलता रहा.
वार्षिक पूजा उत्सव में दिखा भक्तिमय माहौल
सोमवार को श्री दयाल नाथ स्वामी का वार्षिक पूजा उत्सव भी आयोजित किया गया. पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के साथ पूरे दिन धार्मिक माहौल बना रहा. शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा मंदिर परिसर
जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारे लगाए. इससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. कार्यक्रम में हरि सिंह, प्रभात सिंह, विकास पटेल, सुनील सिंह, रोहित पटेल, गौतम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए