जहानाबाद के पांच होटलों में पुलिस की छापेमारी, दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियां हिरासत में
होटल से पकडे गए युवक युवतियों को ले जाती पुलिस | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पांच होटलों में एक साथ छापेमारी की. इस दौरान दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है.
Jehanabad Hotel Police Raid : शहर में संचालित होटलों और रेस्ट हाउस की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया. एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर बुधवार को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहरी क्षेत्र के पांच होटल और रेस्ट हाउस में अचानक छापेमारी की. इस दौरान होटल के कमरों से दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया. सभी से पूछताछ की जा रही है.

स्टेशन रोड समेत पांच होटलों में एक साथ छापेमारी
पुलिस की कार्रवाई में स्टेशन रोड इलाके के तीन होटल, फिदा हुसैन के समीप एक होटल और अरवल मोड़ के पास संचालित एक होटल शामिल हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के कुछ होटलों में कमरे बुक कर कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है.

सूचना के सत्यापन और ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसपी के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. इन टीमों का नेतृत्व नगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर दिवाकर कुमार विश्वकर्मा कर रहे थे. इसके बाद पुलिस टीमों ने संबंधित होटलों में एक साथ दबिश दी. अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल संचालकों और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.

पूछताछ के बाद पीआर बॉन्ड पर छोड़े जा सकते हैं युवक-युवतियां
एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी ने बताया कि हिरासत में लिये गये युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है. जांच के दौरान यदि उनके खिलाफ किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि के साक्ष्य नहीं मिलते हैं, तो उन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया जाएगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Also read : जहानाबाद में धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस अलर्ट, ज्वेलरी दुकानों का SDPO ने किया निरीक्षण
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
