दो मरीजों की मौत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था, जहानाबाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी से फिर गायब रहे डॉक्टर
चिकित्सक कक्ष में उपस्थित एक डॉक्टर | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद सदर अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों के लगातार गायब रहने से मरीजों की जान पर बन आई है. दो मरीजों की मौत के बाद भी व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है. जानें क्या है मामला.
Jehanabad Sadar Hospital Emergency Doctors : सदर अस्पताल जहानाबाद की इमरजेंसी में डॉक्टरों के रोस्टर ड्यूटी से गायब रहने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ओपीडी में डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने की शिकायतें तो पुरानी हैं, अब इमरजेंसी ड्यूटी से भी डॉक्टरों के गायब रहने का मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण इलाज के अभाव में दो मरीजों की मौत के मामले सामने आने और जिलाधिकारी की सख्ती के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है.
सोमवार की रात आठ बजे इमरजेंसी की नई पाली शुरू हुई, लेकिन रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर तैनात दोनों डॉक्टरों में से कोई भी समय पर उपस्थित नहीं हुआ. दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक की पाली में तैनात डॉक्टरों के जाने के बाद इमरजेंसी में डॉक्टर नहीं थे. इससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों की बेचैनी बढ़ने लगी.
सूचना मिलने पर सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. चंद्रशेखर आजाद खुद इमरजेंसी पहुंचे और मरीजों का इलाज संभाला. रात करीब नौ बजे जब संवाददाता अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे, तब भी प्रभारी अधीक्षक ही ड्यूटी कर रहे थे. उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार किया. हालांकि, ऑफ कैमरा बताया कि मामले की जानकारी सिविल सर्जन को दे दी गई है और डॉक्टर भेजे जा रहे हैं. बताया जाता है कि सिविल सर्जन के हस्तक्षेप के बाद देर रात रोस्टर में तैनात दो डॉक्टरों में से एक इमरजेंसी ड्यूटी के लिए पहुंचा.
डॉक्टरों की अनुपस्थिति में दो मरीजों की हो चुकी है मौत
सदर अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने के कारण पिछले एक महीने में दो मरीजों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं. इसके बावजूद डॉक्टरों की मनमानी पर लगाम नहीं लग सकी है.
शहर के गौरक्षणी से इलाज के लिए लाई गई एक बच्ची करीब एक घंटे तक सदर अस्पताल में डॉक्टर का इंतजार करती रही. आरोप है कि इमरजेंसी में डॉक्टर के नहीं रहने के कारण उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई. इसके कुछ ही दिनों बाद 30 अक्टूबर को काको मुसहरी निवासी शैलेश मांझी की भी इलाज के अभाव में मौत हो गई.
बताया जाता है कि शैलेश मांझी सुबह तक ठीक थे और उन्होंने खाना भी खाया था. इसके बाद उनके सिर में दर्द हुआ और तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन उन्हें सुबह करीब 10:30 बजे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उस समय इमरजेंसी में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था. एक घंटे से अधिक इंतजार के बाद भी डॉक्टर नहीं पहुंचे तो परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी क्लीनिक ले गए. वहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दोबारा सदर अस्पताल भेज दिया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
दोनों मामलों में जिलाधिकारी ने जांच कमेटी गठित की थी, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन मामलों में कौन डॉक्टर जिम्मेदार पाए गए और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई.
पैसे लेकर ड्यूटी से गायब रहने का वीडियो भी हुआ था वायरल
सदर अस्पताल में डॉक्टरों के ड्यूटी से गायब रहने के मामले में एक डॉक्टर का वीडियो भी वायरल हुआ था. इसमें संबंधित डॉक्टर ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए डॉक्टरों के गायब रहने के पीछे पैसे के लेन-देन का आरोप लगाया था. यह वीडियो प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी चर्चा का विषय बना था. इस मामले में भी कार्रवाई के लिए जांच कमेटी गठित की गई थी, लेकिन कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है.
डीएम के आदेश पर बने नए रोस्टर पर भी नहीं हो रहा अमल
सदर अस्पताल की इमरजेंसी और ओपीडी से डॉक्टरों के गायब रहने तथा इमरजेंसी में इलाज के अभाव में दो मरीजों की मौत के मामलों को जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने गंभीरता से लिया था. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए डॉक्टरों के साथ बैठक की थी. बातचीत के बाद नया रोस्टर तैयार किया गया था. उस समय डीएम ने रोस्टर का पालन नहीं करने वाले डॉक्टरों का वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी थी.
नया रोस्टर 31 अक्टूबर को लागू हुआ, लेकिन डॉक्टरों ने इसका नियमित पालन नहीं किया. इसके बाद 10 नवंबर को फिर से नया रोस्टर बनाया गया. इसके बावजूद डॉक्टर निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं. सबसे बड़ी समस्या यह है कि इमरजेंसी में तैनात दोनों डॉक्टरों का एक साथ ड्यूटी पर मौजूद रहना भी मुश्किल से ही हो पाता है.
प्रभारी अधीक्षक के रिटायरमेंट के बाद क्या होगी व्यवस्था?
सदर अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण लगभग हर दिन किसी न किसी पाली में प्रभारी अधीक्षक डॉ. चंद्रशेखर आजाद को खुद ड्यूटी संभालनी पड़ती है. उनके इमरजेंसी में मौजूद रहने से मरीजों का इलाज हो जाता है और अस्पताल में हंगामे की स्थिति भी टल जाती है.
डॉ. चंद्रशेखर आजाद आगामी 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं. ऐसे में उनके रिटायरमेंट के बाद इमरजेंसी की व्यवस्था कौन संभालेगा, यह बड़ा सवाल है. रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होने पर उनके जाने के बाद अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था पर संकट गहरा सकता है.
क्या कहते हैं प्रभारी अधीक्षक
इमरजेंसी में रात आठ बजे से कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था. इसलिए ड्यूटी करने के लिए खुद गया था. इसकी सूचना सिविल सर्जन को दी गई, जिसके बाद इमरजेंसी में डॉक्टर को भेजा गया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
