जहानाबाद: निबंधन कार्यालय का DM छिरिङ वाई भूटिया ने किया निरीक्षण, ई-निबंधन से राजस्व में 84.43% की भारी बढ़ोतरी
निबंध का प्रमाण पत्र देते डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया. ई-निबंधन प्रक्रिया से राजस्व में 84 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है.
Jehanabad News: जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शनिवार को जिला निबंधन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने ई-निबंधन व्यवस्था के तहत संचालित डिजिटल निबंधन प्रक्रिया की प्रगति, दस्तावेजों के निष्पादन की वास्तविक स्थिति तथा आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की.
आपके शहर में
निरीक्षण के क्रम में जिला अवर निबंधक ने डीएम को जानकारी दी कि 29 अगस्त को ई-निबंधन व्यवस्था के तहत 8 दस्तावेजों का निबंधन प्रस्तावित था, जिनमें से प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 निष्पादित दस्तावेजों को जिलाधिकारी ने स्वयं संबंधित पक्षकारों को अपने हाथों से सौंपा.
अंचलों में जागरूकता शिविरों से बढ़ा जनता का विश्वास
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार ई-निबंधन प्रक्रिया को लेकर आम लोगों में व्याप्त भ्रम व भ्रांतियों को दूर करने और डिजिटल रजिस्ट्री के प्रति भरोसा जगाने के लिए जिले के सभी अंचलों में अंचलाधिकारियों (CO) द्वारा विशेष जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में निबंधन कार्यालय के कर्मियों ने तकनीकी सहायता प्रदान करते हुए नागरिकों को ई-निबंधन की ऑनलाइन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की सूची और नागरिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी. इसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप आम जनता का ई-निबंधन व्यवस्था में विश्वास और सहभागिता तेजी से बढ़ी है.
पिछले माह के मुकाबले राजस्व में 84.43 प्रतिशत का इजाफा
जिलाधिकारी ने बताया कि जहानाबाद जिले में डिजिटल प्रक्रिया के तहत वर्तमान माह के पिछले 12 दिनों में 67 दस्तावेजों का ई-निबंधन किया गया, जिससे 9,22,492 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ. वहीं 18 जुलाई को ई-निबंधन की शुरुआत के बाद पिछले माह के शेष 12 दिनों में 42 दस्तावेजों के निबंधन से 5,00,178 रुपये का राजस्व मिला था. इस प्रकार पिछले माह की तुलना में वर्तमान माह में 4,22,313 रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है, जो लगभग 84.43 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है.
डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि वे सरकार द्वारा शुरू की गई इस पारदर्शी, सरल और बिचौलिया-मुक्त डिजिटल ई-निबंधन सेवा का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए