वैशाली: नित्यानंद राय ने पीला चावल देकर पीएम मोदी के कार्यक्रम का दिया न्योता, तेजस्वी पर पूछे सवाल से बनाई दूरी
नित्यानंद राय को सम्मानित करते पूर्व मुखिया विश्व बंधु कुमार एवं उनके परिवारके लोग | Prabhat Khabar Network
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने ग्रामीणों को पीएम मोदी के कार्यक्रम का न्योता दिया. उन्होंने लालू परिवार के विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए.
PM Narendra Modi: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मंगलवार को महुआ प्रखंड की ताजपुर बुजुर्ग पंचायत पहुंचे. यहां उन्होंने ग्रामीणों को पीला चावल, हरी दूब और निमंत्रण पत्र देकर 21 नवंबर को राजापाकर के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया. उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने की अपील की.
पूर्व मुखिया के आवास पर आयोजित हुई बैठक
जानकारी के अनुसार, ताजपुर बुजुर्ग पंचायत के पूर्व मुखिया विश्व बंधु कुमार सिंह के आवासीय परिसर में बैठक आयोजित की गयी थी. इस दौरान पूर्व मुखिया ने केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और शॉल भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया.
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के 36 देशों में सम्मान मिला है. उनके नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गयी हैं. आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है. इसके अलावा भी लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है.
लालू परिवार पर साधा निशाना, राघोपुर के विकास का उठाया मुद्दा
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नित्यानंद राय ने लालू परिवार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लालू परिवार को भी 15 साल तक शासन करने का मौका मिला था, लेकिन लालू यादव ने कभी नहीं चाहा कि राघोपुर क्षेत्र का विकास हो. इसी वजह से पुल का निर्माण नहीं कराया गया.
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में कच्ची दरगाह से बिदुपुर पुल की नींव रखी गयी थी. इसी कारण पुल का नाम नीतीश सेतु रखा गया है.
तेजस्वी यादव को पुल के उद्घाटन समारोह में आमंत्रित करने से जुड़े सवाल पर नित्यानंद राय ने कोई जवाब नहीं दिया. वह चुप्पी साधते हुए अपनी गाड़ी में बैठ गये और रोड शो के लिए रवाना हो गये.
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
मौके पर विधान पार्षद अनिल ठाकुर, राजा राजपूत, सुरेंद्र प्रधान, टिंकू यादव, प्रविंद कुमार, अजय सिंह, संजीव पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजबलाल साह, नगर अध्यक्ष दीपुदत्त चौधरी सहित कई अन्य लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
