हाजीपुर से शुरू होगा विकसित बिहार का नया अध्याय, 21 नवंबर को राजापाकर आएंगे पीएम- चिराग पासवान
कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय मंत्री के साथ डीएम, एसएसपी एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
21 नवंबर को हाजीपुर के राजापाकर में पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों संग बैठक की.
आगामी 21 नवंबर को हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के राजापाकर प्रखंड अंतर्गत जाफरपट्टी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में सोमवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया.
इन्होंने स्थल का निरीक्षण करने के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा एवं बुनियादी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की.
केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, पेयजल, यातायात व्यवस्था, आवागमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश दिया. इन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें, ताकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफल हो सके.
हाजीपुर से विकसित बिहार के संकल्प को मिलेगी नई गति- चिराग
मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 नवंबर को हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में कार्यक्रम निर्धारित हुआ है. प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं, जहां विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे.
इन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह प्रतिबद्धता दर्शाती है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को डबल इंजन की सरकार एक-एक कर पूरा कर रही है. मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण और गौरव की बात यह है कि इन वादों को धरातल पर उतारने की शुरुआत मेरे संसदीय क्षेत्र हाजीपुर से की जा रही है.
इन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हम सभी को विकसित भारत के निर्माण का जो लक्ष्य दिया है, वह विकसित बिहार के निर्माण के बिना संभव नहीं है. बिहार का विकास ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगा. इसी उद्देश्य के साथ मैं और मेरी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के विजन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
राजापाकर बनेगा औद्योगिक विकास और रोजगार का नया केंद्र
केंद्रीय मंत्री ने राजापाकर की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए कहा कि आज बिहार में औद्योगिक विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है और इसी क्रम में राजापाकर को चिन्हित किया गया है. यहां इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी को बढ़ावा देने के साथ-साथ फूड प्रोसेसिंग से जुड़े विभिन्न क्लस्टर्स के विकास पर भी काम किया जाएगा. इससे क्षेत्र में उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
इन्होंने अपने मंत्रालय की महत्वपूर्ण परियोजना नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित संस्थान है. देश में पहले से दो निफ्टेम संस्थान संचालित है. पिछले बजट में बिहार के राजापाकर में तीसरे निफ्टेम की घोषणा की गई है.
इन्होंने बताया कि राजापाकर में कई बड़े ब्रांड्स और औद्योगिक संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए गए हैं. विभिन्न कंपनियों और उद्योगों के साथ हुए ये समझौते बिहार में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को मजबूत कर रहे हैं. इनसे जुड़ी विस्तृत जानकारी समय-समय पर मुख्यमंत्री द्वारा भी साझा की जाती रही है.
विकास, निवेश और रोजगार की नई संभावनाओं के साथ राजापाकर को औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी, फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर और निफ्टेम जैसी परियोजनाओं से न केवल वैशाली बल्कि पूरे बिहार की आर्थिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.
इस संबंध में पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी गुड्डु कुमार जायसवाल ने बताया कि इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह, मंत्री संजय पासवान, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, डीएम वर्षा सिंह, एसएसपी शुभांक मिश्रा, अवधेश सिंह, राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र ठाकुर, प्रदेश महासचिव हरिहर पासवान, राजकुमार पासवान, प्रकाश कुशवाहा, संतोष शर्मा, पवन राज सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
