हाजीपुर में SIR के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
पुतले के साथ विरोध प्रदर्शन करते संयुक्त किसान मोर्चा के लोग | Prabhat Khabar Network
संयुक्त किसान मोर्चा ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हाजीपुर में किया देशव्यापी प्रदर्शन. SIR प्रक्रिया रद्द करने और चुनाव रद्द करने की मांग. आंदोलन तेज करने की चेतावनी.
Kisan Morcha SIR protest: मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआइआर के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को हाजीपुर में विरोध प्रदर्शन किया गया. मोर्चा की जिला इकाई के बैनर तले विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अनवरपुर चौक से प्रतिरोध मार्च निकाला. इसके बाद गांधी चौक पर रोषपूर्ण प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया.
प्रदर्शनकारियों ने सीईसी ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने, एसआइआर की प्रक्रिया रद्द करने और एसआइआर के बाद बिहार व पश्चिम बंगाल में हुए चुनाव रद्द करने की मांग की. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. पुतला दहन के बाद सभा आयोजित की गयी, जिसमें मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने का एलान किया गया.
मांगें पूरी नहीं हुईं, तो देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव सुमन कुमार, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के नेता ललित कुमार घोष, सीटू नेता दीनबंधु प्रसाद, कांग्रेस के किसान नेता सत्यनारायण राय और भाकपा माले के जिला कार्यकारी सचिव गोपाल पासवान सहित अन्य नेताओं ने किया.
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गयीं, तो देश में बड़ा आंदोलन होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि देश के युवा, दलित, महिलाएं, किसान और मजदूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित हिटलरशाही को बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं हैं. नेताओं ने कहा कि आज सभी तबकों को अपने हक और अधिकार के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष करना पड़ रहा है.
हर शहर के चौक-चौराहे को जंतर-मंतर बनाने का एलान
नेताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है. ऐसे में अब जनता देश के हर शहर के चौक-चौराहे को जंतर-मंतर बनाने के लिए तैयार है. उन्होंने अपनी मांगों को लेकर संघर्ष और तेज करने की बात कही.
प्रदर्शन में किसान महासभा के जिलाध्यक्ष रामपारस भारती, रामनिवास प्रसाद यादव, रामबहादुर राय, रामबाबू भगत, डॉ प्रेमा देवी, भिखारी सिंह, रामचंद्र सहनी, शिवकालो देवी, सुनीता देवी, हरेंद्र राम, संजू देवी, लाला प्रसाद सिंह, त्रिभुवन राय, राजू राय, रामदेव राय, राजेंद्र पटेल, अशोक राम, अनिल सिंह, अरविंद ठाकुर, रामनंदन राय, शत्रुघ्न पासवान, रामपुकार राय, राजेंद्र शर्मा, राजेश रौशन, वीर बहादुर सिंह और बेचन दास सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
