जर्जर और बंद हो रही टीओपी व्यवस्था, गोपालगंज के मंगलपुर में हालत खराब; पुलिस की सक्रियता पर सवाल

Updated:
विज्ञापन

.सुंदरपट्टी टाउन आउट पोस्ट बंद की तस्वीर.

गोपालगंज की टाउन आउट पोस्ट (टीओपी) व्यवस्था, जो आम लोगों को स्थानीय पुलिस सुविधा देने के लिए शुरू की गई थी, अब बदहाल हो रही है. कई टीओपी भवन जर्जर हैं और कुछ स्थानों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी नदारद है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है.

विज्ञापन

Gopalganj Police Station: गोपालगंज जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गयी टाउन आउट पोस्ट (टीओपी) व्यवस्था अब बदहाल होती जा रही है. कई टीओपी भवन जर्जर हो चुके हैं, जबकि कुछ जगहों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी भी नहीं दिख रही है. इससे लोगों को स्थानीय स्तर पर शिकायत दर्ज कराने और त्वरित पुलिस कार्रवाई की सुविधा का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

टीओपी व्यवस्था शुरू होने के पीछे उद्देश्य था कि छोटी-छोटी शिकायतों और आवेदन के लिए लोगों को बार-बार थाने का चक्कर नहीं लगाना पड़े. लेकिन समय के साथ कई स्थानों पर व्यवस्था कमजोर पड़ने की शिकायत सामने आ रही है.

2023 में शुरू हुई थी टीओपी व्यवस्था

पुलिस विभाग की ओर से वर्ष 2023 में गोपालगंज शहर के हरखुआ और मीरगंज के लाइन बाजार में सबसे पहले टीओपी की शुरुआत की गयी थी. इसके बाद धर्मपरसा, सुंदरपट्टी और जादोपुर थाना क्षेत्र के मंगलपुर समेत अन्य स्थानों पर भी टीओपी स्थापित किये गये.

इनका उद्देश्य लोगों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराना था. इसके तहत शिकायतें सुनने, आवेदन प्राप्त करने और जरूरत पड़ने पर संबंधित थाना पुलिस के माध्यम से त्वरित कार्रवाई कराने की व्यवस्था की गयी थी.

मंगलपुर टीओपी की हालत सबसे खराब

जादोपुर थाना क्षेत्र का मंगलपुर टीओपी वर्तमान में बदहाली का उदाहरण बना हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां बना करकटनुमा शेड क्षतिग्रस्त हो चुका है. भवन की स्थिति ऐसी है कि पुलिसकर्मियों के बैठने और आम लोगों की शिकायत सुनने में भी परेशानी होती है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी है. इसके अलावा यहां पुलिसकर्मियों की नियमित मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

सुंदरपट्टी टीओपी भी बंद, लोगों की बढ़ी परेशानी

सुंदरपट्टी टाउन आउट पोस्ट के बंद रहने की तस्वीर भी सामने आयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि टीओपी के नियमित संचालन से उन्हें छोटी शिकायतों के लिए संबंधित थाना तक जाने की जरूरत कम पड़ती थी. लेकिन बंद रहने की स्थिति में लोगों को पुलिस सहायता के लिए थाने का रुख करना पड़ रहा है.

लोगों का कहना है कि टीओपी का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब वहां नियमित पुलिसकर्मी मौजूद रहें और लोगों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो.

फोटो नं 100.मंगलपुर टीओपी की क्षतिग्रस्त करकतनुमा सेड़ की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network

अपराध नियंत्रण में भी टीओपी की अहम भूमिका

टीओपी व्यवस्था के माध्यम से संबंधित इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और अपराध पर नियंत्रण रखने की योजना बनायी गयी थी. स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी रहने से किसी घटना की सूचना मिलने पर टीम के तत्काल मौके पर पहुंचने की उम्मीद रहती है.

इसके अलावा टीओपी के माध्यम से स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी उद्देश्य था. ऐसे में टीओपी के जर्जर या बंद रहने से व्यवस्था की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है.

मरम्मत और नियमित संचालन की मांग

स्थानीय लोगों ने जिले के सभी टीओपी भवनों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक मरम्मत कराने और उन्हें नियमित रूप से संचालित करने की मांग की है.

लोगों का कहना है कि यदि टीओपी में नियमित पुलिसकर्मियों की तैनाती और शिकायतों के निपटारे की व्यवस्था बहाल हो जाये, तो आम लोगों को काफी राहत मिल सकती है. साथ ही पुलिस की स्थानीय स्तर पर सक्रियता बढ़ने से अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

खराब टीओपी की जानकारी लेकर होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीओपी का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों की शिकायतें सुनना, आवेदन प्राप्त करना और संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है. जिन टीओपी की स्थिति खराब है, उनकी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

पुलिस की ओर से टीओपी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाये जाने की बात कही गयी है. अब देखना होगा कि जर्जर और बंद टीओपी को दोबारा सक्रिय करने के लिए विभाग की ओर से कब तक ठोस कदम उठाया जाता है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन