गोपालगंज की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित, नवाचार से बदली स्कूल की तस्वीर

Updated:
विज्ञापन

शिक्षिका पुष्पा प्रसाद और बच्चे

गोपालगंज की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान मिलेगा. उनके अनूठे शैक्षणिक तरीकों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति समर्पण ने स्कूल की तस्वीर बदल दी है.

विज्ञापन

National Award: कुचायकोट प्रखंड स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद को उनके नवाचारी शैक्षणिक कार्यों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. उन्हें राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त होगा. इस उपलब्धि से गोपालगंज का शिक्षा जगत गौरवान्वित हुआ है.

आपके शहर में

विज्ञापन

डीएम समीर सौरभ ने पुष्पा प्रसाद के नवाचारी शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि उनका कार्य जिले के शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है.

कुचायकोट बाजार स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में कम नामांकन, अनियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट और अभिभावकों की सीमित सहभागिता जैसी चुनौतियों के बावजूद पुष्पा प्रसाद ने विद्यालय को शिक्षा और सामुदायिक विकास का केंद्र बनाने की दिशा में लगातार काम किया. उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आनंददायी शिक्षा से जोड़ने के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की.

कक्षा को बनाया सीखने का आनंदमय केंद्र

पुष्पा प्रसाद ने बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफएलएन) को शिक्षण की प्राथमिकता बनाया. अक्षर और ध्वनि पहचान, प्रवाहपूर्ण पठन, समझ के साथ पढ़ने, गणितीय संक्रियाओं, तार्किक सोच और समस्या-समाधान कौशल के विकास पर विशेष जोर दिया.

उन्होंने स्थानीय और कम लागत वाली शिक्षण सामग्री (टीएलएम), फ्लैश कार्ड, रोल प्ले, पपेट्री और गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से पढ़ाई को रोचक बनाया. साथ ही वर्चुअल रियलिटी (वीआर) आधारित 3डी वीडियो और स्कूल परिसर के पेड़ों पर क्यूआर कोड आधारित शिक्षण व्यवस्था जैसी तकनीकी पहल भी शुरू की.

विद्यालय से समुदाय तक पहुंचाई शिक्षा

पुष्पा प्रसाद ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत साझेदारी विकसित की. कक्षा की गतिविधियों के फोटो और वीडियो व्हाट्सएप समूहों में साझा कर अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई से जोड़े रखा.

मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, शत-प्रतिशत नामांकन अभियान, अभिभावक साक्षरता अभियान, स्वच्छता, नशा मुक्ति और बाल विवाह निषेध जैसे सामाजिक अभियानों के माध्यम से विद्यालय को समुदाय से जोड़ा.


शिक्षिका पुष्पा प्रसाद और DM
शिक्षिका पुष्पा प्रसाद और DM

छात्राओं के स्वास्थ्य और आत्मविश्वास पर विशेष ध्यान

बालिका शिक्षा और सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने मासिक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया. विद्यालय में पैड बैंक की स्थापना की गई. स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया.

विद्यालय में शुरू किया ‘उत्साह बोर्ड’

उन्होंने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि कोई भी बच्चा सीखने के अवसर से वंचित न रहे. विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए ब्रेल लिपि में टीएलएम तैयार किए गए और अतिरिक्त सहयोग की जरूरत वाले बच्चों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था की गई.

विद्यालय में शुरू किया गया ‘उत्साह बोर्ड’ भी उनकी महत्वपूर्ण पहल है. इस बोर्ड पर अब तक 50 से अधिक बच्चों की उपलब्धियों को स्थान दिया जा चुका है. इससे बच्चों में बेहतर प्रदर्शन की सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित हुई.

पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान

पुष्पा प्रसाद को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए पहले भी राज्य और जिला स्तर पर कई सम्मान मिल चुके हैं. इनमें बिहार सरकार का राजकीय शिक्षक सम्मान-2024, अप्रैल 2025 का टीचर ऑफ द मंथ, निपुण शिक्षक सम्मान, परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का प्रमाण-पत्र, डीईओ का उत्कृष्ट सेवा सम्मान, बिहार दिवस 2026 में ‘अप्पन बिहार, निपुण बिहार’ स्टॉल के लिए प्रशस्ति-पत्र तथा राज्य स्तरीय निपुण टीएलएम मेला 2.0 (2025) और 3.0 (2026) में द्वितीय स्थान शामिल हैं.

उन्हें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में नवाचार प्रस्तुत करने के लिए भी आमंत्रित किया जा चुका है.

शिक्षकों के लिए बनीं प्रेरणादायक उदाहरण

पुष्पा प्रसाद की उपलब्धि यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद संवेदनशीलता, नवाचार और समर्पण के साथ कार्य करने वाला शिक्षक विद्यालय, बच्चों और पूरे समुदाय में सकारात्मक बदलाव ला सकता है. उनकी कक्षा से समुदाय तक की यह यात्रा शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाने की प्रेरक मिसाल है.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन