गोपालगंज डीएम के जनता दरबार में पहुंचीं 20 फरियादें, जमीन विवाद से मानदेय तक की शिकायत, अधिकारियों को निर्देश
फरियादियों की समस्याएं सुनने डीएम
गोपालगंज में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में 'जनता के दरबार में जिला पदाधिकारी' कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस दौरान 20 फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए.
DM Janata Darbar: बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तहत 31 अगस्त को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत ‘जनता के दरबार में जिला पदाधिकारी’ का आयोजन कार्यालय प्रकोष्ठ में किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 20 फरियादियों की समस्याएं डीएम ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं.
आपके शहर में
डीएम ने मौके पर ही संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिये. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.
हर आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कई मामलों में डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का नियमानुसार यथाशीघ्र समाधान कर उन्हें राहत उपलब्ध करायी जाए.
जमीन विवाद की शिकायतें सबसे अधिक
जनता दरबार में भूमि विवाद, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आयीं.
उचकागांव प्रखंड के सिसवनिया गांव निवासी राकेश यादव ने भूमि विवाद से संबंधित शिकायत की. वहीं थावे प्रखंड के लछवार गांव निवासी राजपतों कुंवर ने भी भूमि संबंधी समस्या को लेकर आवेदन दिया.
बैकुंठपुर प्रखंड के फैसल शाहपुर निवासी जगदीश दास ने भूमि विवाद से संबंधित शिकायत रखी, जबकि कुचायकोट प्रखंड के दुबे खरेया निवासी सुमन सिंह ने अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर आवेदन दिया.
मानदेय और शिक्षा विभाग से जुड़े मामले भी पहुंचे
हथुआ प्रखंड के मनीछापर गांव निवासी अजय कुमार प्रजापति ने स्वास्थ्य विभाग में लैब टेक्नीशियन के मानदेय से संबंधित आवेदन दिया. वहीं कटेया प्रखंड के पठकौली गांव निवासी धनंजय कुमार ने शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्या को लेकर फरियाद रखी.
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
‘लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें’
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशील समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो और आवेदकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, डायरेक्टर डीआरडीए राकेश चौबे सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए