गोपालगंज: डीएम-एसपी ने मीरगंज के 12 छठ घाटों का किया निरीक्षण, संवेदनशील घाटों पर रहेगी कड़ी निगरानी
प्रज्ञा नगर छठ घाट का निरीक्षण करते डीएम और एसपी साथ में मौजूदा पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के मीरगंज में डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी ने 12 छठ घाटों का निरीक्षण किया. संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा के निर्देश दिए.
Chhath Puja Security: लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में सोमवार को डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी ने मीरगंज नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने प्रज्ञा नगर सहित नगर परिषद क्षेत्र के सभी 12 छठ घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया.
घाटों पर सुरक्षा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और पहुंच पथ की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही बैरिकेडिंग पर लाल कपड़ा लगाने को कहा, ताकि श्रद्धालु खतरनाक और प्रतिबंधित स्थानों की आसानी से पहचान कर सकें.
वहीं, एसपी विनय तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
संवेदनशील घाटों पर रहेगी विशेष निगरानी, पटाखों पर रोक
प्रज्ञा नगर छठ घाट पर बातचीत के दौरान डीएम समीर सौरभ ने कहा कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. सभी घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
उन्होंने बताया कि व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, रोशनी और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है. इसके अलावा घाटों की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
यातायात व्यवस्था को लेकर सभी विभागों में समन्वय
डीएम ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. घाटों पर पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन की प्राथमिकता पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना है.
निरीक्षण में ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान हथुआ एसडीएम संतोष कुमार, एसडीपीओ राजेश प्रसाद, मीरगंज थानाध्यक्ष राजीव रंजन, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार, सिटी मैनेजर, सभापति प्रतिनिधि अरुण केसरी, उपसभापति धनंजय यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विंध्याचल कुमार तथा जिला शांति समिति के सदस्य ज्वाला कुमार और मिथिलेश तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए