गया जी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पैदल जा रहे व्यक्ति को रौंदा, हुई मौत, चालक गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
गया के बहेरा थाना क्षेत्र में NH-22 पर अमारूत स्कूल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल चल रहे 56 वर्षीय वीरेंद्र तिवारी को टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र तिवारी को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गया जी के बहेरा थाना क्षेत्र के डोभी-चतरा मुख्य मार्ग स्थित एनएच-22 पर पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय अमारूत के समीप स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर से सड़क किनारे पैदल चल रहे 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान अमारूत डीह गांव निवासी वीरेंद्र तिवारी, पिता गोविंद तिवारी के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया, जिसे बहेरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहा था चालक
जानकारी के अनुसार, झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कालेश्वरी मंदिर से दर्शन कर चालक चेरकी निवासी विक्की कुमार सिंह उर्फ विवेक कुमार अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय अमारूत के समीप चालक के नियंत्रण में चल रही स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे वीरेंद्र तिवारी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल वीरेंद्र तिवारी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी लाया गया. चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बताया जाता है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ थे.
पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार
दुर्घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद बहेरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रख दिया. वहीं, चालक विक्की कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए