गया-पटना रेलखंड पर जहानाबाद में ओएचई तार काटा, दो घंटे बाधित रहा रेल परिचालन

Updated:
विज्ञापन

काटा हुआ तार की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में चोरों ने रेलवे का हाईटेंशन ओवरहेड तार काट दिया, जिससे दो घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा. आरपीएफ ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

विज्ञापन

Gaya ji News : गया-पटना रेलखंड पर गुरुवार तड़के चोरों ने रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन को निशाना बनाते हुए दक्षिण मदारपुर रेलवे गुमटी के पास हाईटेंशन तार काट दिया. घटना के कारण डाउन लाइन पर करीब दो घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा. रेलवे के विद्युत विभाग, इंजीनियरिंग शाखा और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत कर परिचालन बहाल किया गया. मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

30 मीटर तक काट दिया ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन

आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब तीन बजे जहानाबाद स्टेशन के समीप दक्षिण मदारपुर रेलवे गुमटी के पास अज्ञात चोरों ने डाउन लाइन के ऊपर लगे ओएचई हाईटेंशन तार को काट दिया। करीब 30 मीटर लंबाई तक तार क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और सुरक्षा कारणों से डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोकना पड़ा।

दो घंटे में बहाल हुआ रेल परिचालन

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के विद्युत विभाग, इंजीनियरिंग शाखा और रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए क्षतिग्रस्त तार को बदलने और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ओएचई लाइन को दुरुस्त कर रेल परिचालन सामान्य कर दिया गया.

गंगा-दामोदर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें हुईं प्रभावित

ओएचई तार कटने के कारण गंगा-दामोदर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ. कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा, जबकि कई ट्रेनें विलंब से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं. हालांकि रेलवे अधिकारियों की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य कर ली गई, जिससे लंबे समय तक परिचालन बाधित नहीं रहा.

अज्ञात पर एफआईआर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही आरपीएफ

जहानाबाद आरपीएफ पोस्ट में अज्ञात चोरों के खिलाफ रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है. आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी पितृपक्ष मेला 2026: 25 सितंबर से होगा शुभारंभ, 21 कोषांगों के साथ तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं को मिलेंगी ये सुविधाएं


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन