गया जी में सड़क-नाली और पार्क के काम की समीक्षा, डॉ. प्रेम कुमार ने तय समय में गुणवत्तापूर्ण काम के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन

निर्माण कार्य का निरीक्षण करते विधानसभा अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया में मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत लगभग 28 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क और नाली का उद्घाटन किया तथा कई वार्डों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए. इसके अलावा, माडनपुर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित एआई सत्र के दौरान उन्होंने युवाओं से तकनीक को करियर और नवाचार का माध्यम बनाने की अपील की.

विज्ञापन

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को गया जी टाउन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का औचक उद्घाटन, निरीक्षण और गहन समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने वार्ड संख्या 31 के बेलदारी टोला मंदिर से नूतन नगर मुख्य मार्ग तक 28 लाख 47 हजार 196 रुपये की लागत से बनने वाले नए पथ एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया.

विज्ञापन

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सड़कें, सुगम जल निकासी, स्वच्छता और आवागमन की उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरी गुणवत्ता के साथ और तय समय-सीमा के भीतर ही पूरे किए जाने चाहिए.

विभिन्न वार्डों में चल रहे कार्यों की ली जानकारी

उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात विधानसभा अध्यक्ष ने टाउन विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में पहुंचकर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की. उन्होंने वार्ड 30 (शास्त्री नगर) में पथ एवं नाली निर्माण, वार्ड 29 (सियाडी) में विकास कार्यों और वार्ड 16 में गुरुद्वारा से जगजीवन पथ तक सड़क निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की.

इसी क्रम में उन्होंने वार्ड 44 (माडनपुर) में सड़क व नाली निर्माण, वार्ड 29 (शास्त्री नगर) तथा वार्ड 27 (धनिया बगीचा) में नाला निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया. इसके अलावा, वार्ड 44 में मां मंगला गौरी के पास निर्माणाधीन पार्क, वार्ड 45 (घुंघरीटांड), वार्ड 1 (खरखुरा) और वार्ड 10 (बैरागी) में चल रहे नाली निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया.

उन्होंने कहा कि गया जी को एक स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

एआई (AI) युवाओं के लिए अवसर और नवाचार का नया माध्यम: डॉ. प्रेम कुमार

दूसरी ओर, सेवा संकल्प अभियान के तहत माडनपुर बाईपास रोड स्थित एक निजी पॉलिटेक्निक कॉलेज में युवाओं के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence - AI) विषय पर एक प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया. इस सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने युवाओं से सीधा संवाद किया और एआई की बढ़ती प्रासंगिकता तथा भविष्य के करियर अवसरों पर विस्तार से चर्चा की.

डॉ. प्रेम कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एआई केवल एक तकनीकी शब्द नहीं है, बल्कि यह हमारी नई पीढ़ी के भविष्य और सपनों से जुड़ा हुआ एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, बैंकिंग और प्रशासनिक व्यवस्था समेत आज जीवन के हर क्षेत्र में इसका उपयोग तेजी से बढ़ रहा है.

उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई कभी भी मानव बुद्धि का विकल्प नहीं हो सकता, बल्कि यह हमारी क्षमताओं को और अधिक बेहतर बनाने का एक सशक्त माध्यम है. उन्होंने जिले के युवाओं से आह्वान किया कि वे एआई का उपयोग अपने ज्ञान को बढ़ाने, रचनात्मकता को निखारने और समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान ढूंढने में करें.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन