बोधगया में वर्षों पुरानी मांगों को लेकर मगध विश्वविद्यालय पर कॉलेज कर्मियों का धरना, 10 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन
एमयू में धरना-प्रदर्शन में शामिल फैक्टनेब मगध विश्वविद्यालय इकाई के शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचार | Prabhat Khabar Network
मगध विश्वविद्यालय में संबद्ध कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया और कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर बुधवार को फैक्टनेब मगध विश्वविद्यालय इकाई के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठायी.
आपके शहर में
प्रो विजय कुमार मिट्ठू ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के मगध विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष प्रो विजय कुमार मिट्ठू ने की. वहीं, कार्यक्रम का संचालन गया जिलाध्यक्ष डॉ अरविंद कुमार ने किया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संबद्ध और अनुदानित कॉलेजों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी शामिल हुए.
नियमित वेतनमान और पेंशन की मांग दोहरायी
धरना को संबोधित करते हुए महासंघ के नेताओं ने कहा कि राज्य के संबद्ध अनुदानित डिग्री कॉलेजों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी लंबे समय से सरकारी कॉलेजों की तर्ज पर नियमित वेतनमान और पेंशन की मांग कर रहे हैं. नेताओं का कहना था कि यह मांग करीब 40 वर्षों से लंबित है.
अनुदान और अन्य बकाया भुगतान का भी मुद्दा उठा
प्रदर्शनकारियों ने इंटर और डिग्री से संबंधित वर्षों से लंबित अनुदान का भुगतान करने की मांग की. इसके अलावा कॉपी मूल्यांकन की राशि का समय पर भुगतान, पूर्व में की गयी कटौती की राशि वापस करने और अन्य लंबित समस्याओं का समाधान करने की मांग भी उठायी गयी.
सीनेट और सिंडिकेट चुनाव कराने की मांग
महासंघ के नेताओं ने कहा कि सीनेट और सिंडिकेट का चुनाव समय पर कराया जाना चाहिए. संबद्ध कॉलेजों के शासी निकाय में रिक्त पदों को भरने और शिक्षक प्रतिनिधियों का समय पर चुनाव कराने की भी मांग की गयी.
विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 को लेकर जतायी आपत्ति
धरना-प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज करायी. उन्होंने राज्य के डिग्री कॉलेजों से जुड़ी व्यवस्था में किये जा रहे बदलावों को लेकर मांग की कि संबंधित नियमों पर पुनर्विचार किया जाए.
नौ सितंबर से पटना में आंदोलन की तैयारी
महासंघ ने आगे चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने की घोषणा की. नेताओं ने बताया कि नौ सितंबर से पटना में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना कार्यक्रम में मगध विश्वविद्यालय से जुड़े संबद्ध और अनुदानित कॉलेजों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी भी शामिल होंगे.
कुलाधिपति के नाम कुलपति को सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन समाप्त होने के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मगध विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने कुलाधिपति के नाम अपनी 10 सूत्री मांगों से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के समाधान की मांग की.
इन लोगों ने कार्यक्रम को किया संबोधित
कार्यक्रम को महासंघ के संरक्षक प्रो नवल किशोर प्रसाद सिंह, डॉ अनिल कुमार सिन्हा, प्रो डॉ अशोक कुमार सिंह, प्रो शत्रुध्न प्रसाद, शशि रंजन कुमार, राम विलास सिंह, विकास कुमार, प्रो सुनील कुमार, प्रो रंजीत भारद्वाज, प्रो श्रावण कुमार, प्रो बृजेश शर्मा, प्रो शोभा कुमारी, नंदनी कुमारी, प्रो आशा कुमारी समेत कई शिक्षक और कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया.
ALSO READ : पितृपक्ष मेला : गया जी जाने के लिए अभी से बुक कर लें टिकट, दिल्ली-हावड़ा से इन ट्रेनों से पहुंचें, जानिए रूट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए