गया जी में बंद घरों से लाखों की चोरी, पैक्स अध्यक्ष के घर से 30 लाख के जेवरात ले उड़े चोर

विज्ञापन

चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गया जी के टिकारी और अलीपुर थाना क्षेत्रों में चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति चुरा ली. मखदुमपुर गांव में पैक्स अध्यक्ष शशि कुमार के घर से करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी हो गये. चोरों ने पड़ोस के घरों की छिटकनी बाहर से बंद कर दी थी. वहीं, टिकारी के नंदन बिगहा में तीन फ्लैटों में भी चोरी की घटना सामने आई है. पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की है.

विज्ञापन

गया जी के अलीपुर थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव और टिकारी थाना क्षेत्र के नंदन बिगहा मोहल्ले में चोरी की अलग-अलग घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है. मखदुमपुर पैक्स अध्यक्ष शशि कुमार के बंद घर का मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 30 लाख रुपये मूल्य के कीमती सामान चुरा लिये. वहीं, नंदन बिगहा में तीन अलग-अलग फ्लैटों में चोरी की घटना सामने आयी है.

विज्ञापन

गोदरेज और बक्से को तोड़ा

जानकारी के अनुसार, पैक्स अध्यक्ष शशि कुमार अपने गांव स्थित घर को बंद कर परिवार के साथ छठ पूजा मनाने के लिए टिकारी स्थित आवास पर आये थे. इसी दौरान चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया. मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने गोदरेज और बक्से को तोड़ दिया तथा उसमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गये.

घटना के दौरान चोरों ने पड़ोस के घरों की छिटकनी भी बाहर से लगा दी थी, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे और उन्हें विरोध का सामना नहीं करना पड़े.

पीड़ित परिवार जब घर पहुंचा तो अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. गोदरेज और बक्सा टूटा हुआ मिला. चोरों ने बक्से को गांव के पश्चिम स्थित नाले के समीप खेत में फेंक दिया था.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच-पड़ताल शुरू की. साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया. डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पैक्स अध्यक्ष के अनुसार, उनके घर से करीब 30 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं.

नंदन बिगहा में तीन फ्लैटों में चोरी

दूसरी घटना टिकारी के नंदन बिगहा मोहल्ले की है, जहां चोरों ने तीन अलग-अलग फ्लैटों को निशाना बनाया. कोंच थाना क्षेत्र के अमरा खैरा निवासी संजय कुमार ने बताया कि छठ पूजा को लेकर उनका पूरा परिवार गांव गया हुआ था. सोमवार की सुबह उन्हें चोरी की घटना की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.

संजय कुमार के मुताबिक, चोरों ने उनके फ्लैट के अलावा आसपास के अन्य फ्लैटों और मकानों को भी निशाना बनाया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जांच पूरी होने तक कमरे में जाने से मना कर दिया.

छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान एक साथ कई बंद घरों में चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पर्व मनाने के लिए गांव या दूसरे स्थानों पर गये परिवारों के घरों को निशाना बनाये जाने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन