गया स्टेशन से पीछा कर व्यापारी से लूट, विरोध पर चलाई गोली; लाखों के गहने और 50 हजार कैश लेकर फरार हुए बदमाश

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गया जी में रेलवे स्टेशन से पीछा कर रहे चार बदमाशों ने हथियार के बल पर व्यापारी का सूटकेस लूट लिया. विरोध पर गोली चलाने से ई-रिक्शा चालक घायल हो गया. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है.

विज्ञापन

गया जी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी लखीबाग मोहल्ले में शुक्रवार की अहले सुबह लगभग तीन से चार बजे के बीच दो बाइकों पर सवार चार बेखौफ बदमाशों ने हथियार के बल पर एक व्यापारी से लाखों रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद भरा सूटकेस लूट लिया. इस दौरान जब लूटपाट का विरोध किया गया, तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी. हालांकि गोली व्यापारी को नहीं लगी, बल्कि उसकी चपेट में आने से एक ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

विज्ञापन

जख्मी ई-रिक्शा चालक की पहचान गया शहर के बैरागी मोहल्ले की सुंदरी गली निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में जख्मी युवक को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) में भर्ती कराया. पुलिस ने घटनास्थल से 7.65 एमएम पिस्टल का एक खोखा भी बरामद किया है.

दिल्ली से महाबोधी एक्सप्रेस से लौटे थे व्यापारी

पीड़ित व्यापारी, 35 वर्षीय पंकज अग्रवाल (पिता - स्वर्गीय युगल किशोर अग्रवाल) ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि उनकी 'रॉयल बुक स्टोर' नाम से दुकान है. वे अपने व्यापारिक सिलसिले से दिल्ली गए थे और वहां से महाबोधी एक्सप्रेस द्वारा गुरुवार-शुक्रवार की रात लगभग 2:45 बजे गयाजी जंक्शन उतरे थे. जंक्शन से घर जाने के लिए उन्होंने एक ई-रिक्शा बुक किया था.

पीड़ित के अनुसार, जब वे ई-रिक्शा से घर की ओर लौट रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाश गया रेलवे स्टेशन से ही उनका पीछा करते हुए आ रहे थे, जो कभी आगे तो कभी पीछे चल रहे थे. जैसे ही फल्गु नदी सिक्स लेन ब्रिज को पार कर ई-रिक्शा उनके घर की तरफ बढ़ा, बदमाशों ने ओवरटेक कर हथियारों के बल पर उनके पास रखा सूटकेस जबरन छीनना शुरू कर दिया.

जब उन्होंने और चालक ने विरोध किया तथा शोर मचाया, तो बदमाश खुद को घिरता देख गोली चला बैठे. यह गोली व्यापारी को तो नहीं लगी, लेकिन ई-रिक्शा चालक राहुल के कमर में जा घुसी.

सूटकेस में क्या-क्या था?

पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, लूटे गए सूटकेस में निम्नलिखित कीमती सामान और नकदी मौजूद थी:

  • 15-15 ग्राम के दो सोने के चेन
  • एक कलाई की महंगी घड़ी
  • तीन चांदी के सिक्के
  • 50,000 रुपये नकद
  • दो जोड़ी कपड़े

पुलिस कर रही है सीसीटीवी फुटेज की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और एसआई मोहम्मद इमरान दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तहकीकात में जुट गए. पुलिस पीड़ित के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

इधर, पुलिस रेलवे स्टेशन से लेकर घटनास्थली तक के रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा, एफएसएल (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंचकर गहन वैज्ञानिक जांच में जुटी है. पुलिस सूत्रों का मानना है कि इस घटना में एक उजले रंग की अपाचे और एक काले रंग की हीरो बाइक का इस्तेमाल किया गया है, जिसके नंबरों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है.

हालांकि, पीड़ित व्यापारी का कहना है कि ई-रिक्शा चालक बदमाशों को पहचानता है, लेकिन वह काफी डरा हुआ है और फिलहाल उनकी पहचान उजागर करने से परहेज कर रहा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन