पइन की खुदाई से श्मशान घाट का रास्ता बंद, अंतिम संस्कार के लिए तीन किमी का लगाना पड़ रहा चक्कर
मोहनपुर के गंभीरा मे पइन को दिखलाते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
गया में पइन निर्माण के कारण श्मशान घाट जाने का रास्ता बंद हो गया है। ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए 3 किमी का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
Mohanpur Pyne Bridge Construction : मोहनपुर (गया). गया जिले के मोहनपुर प्रखंड में गुलसकरी नदी से गंभीरा होते हुए चौवारी तक लघु सिंचाई विभाग की ओर से कराये जा रहे पइन के जीर्णोद्धार का काम ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. पइन की खुदाई के बाद गंभीरा, दुर्जन खाप और चंझररहुआ गांव के लोगों को श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, श्मशान घाट की दूरी महज एक हजार फुट है, लेकिन रास्ता बाधित होने के कारण अब करीब तीन किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है.
दस फीट गहरी और चौड़ी कर दी गयी पइन
ग्रामीण अशोक कुमार, राजकुमार पासवान, दिवाकर पासवान, अयोध्या प्रसाद, मधुकर प्रसाद और दुर्गा यादव ने बताया कि पइन की खुदाई करीब 10 फीट गहरी और 10 फीट चौड़ी कर दी गयी है. इससे इसे पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया है. खासकर शव को श्मशान घाट तक ले जाने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
पुल निर्माण की मांग को किया गया नजरअंदाज
ग्रामीणों का कहना है कि जीर्णोद्धार कार्य के दौरान ही उन्होंने संवेदक से पइन पर पुल बनाने की मांग की थी. इसके बावजूद न तो विभाग की ओर से इस पर ध्यान दिया गया और न ही संवेदक ने कोई पहल की. पुल नहीं बनने से आवागमन का पुराना रास्ता बाधित हो गया है.
प्रशासन से जल्द पुल बनवाने की मांग
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. उनका कहना है कि विकास कार्य से लोगों की सुविधा बढ़नी चाहिए, लेकिन यहां जीर्णोद्धार के बाद परेशानी और बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को श्मशान घाट तक पहुंचने में कठिनाई न हो और अंतिम यात्रा का रास्ता सुगम हो सके.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
