गया: बिहार की सत्ता से काफी दिन दूर रहने के बाद मायूस कार्यकर्ताओं में जान फूंकने और केंद्र में फिर से वापसी के रास्ते की तलाश में शहर के राजेंद्र आश्रम में सोमवार को मगध प्रमंडल के नेता और कार्यकर्ता जुटे. इस आयोजन को मगध प्रमंडलीय संवाद कार्यक्रम का नाम दिया गया. इस कार्यक्रम के बहाने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया गया.
मौके पर उपस्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव सह बिहार प्रदेश के प्रभारी पूर्व सांसद केएल शर्मा, विधायक परेश धनानी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम जतन सिन्हा ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया तथा हौसला बढ़ाया.
साथ ही गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद व अरवल में कांग्रेस का मजबूत करने के लिए कई बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई. कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने खुल कर अपने विचार रखे. इस मौके पर गया जिलाध्यक्ष चिरागुद्दीन रहमानी, पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह, जय कुमार पालित, संजीव कुमार टोनी, रजनीश कुमार, कृष्णा प्रसाद गुप्ता, संजय कुमार सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे.