मुजफ्फरपुर PNG धमाका के बाद दरभंगा में भी बढ़ी चिंता, एक साथ चल रहे कई निर्माण कार्य

Updated:
विज्ञापन

बेला मोड़ में मशीन से जमीन के नीचे बिछाई जा रही पाइप. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दरभंगा में एक साथ चल रहे कई निर्माण कार्यों के कारण गैस पाइपलाइन की सुरक्षा पर चिंता बढ़ गई है. मुजफ्फरपुर जैसी घटना की आशंका से लोग सहमे हुए हैं.

विज्ञापन

दरभंगा: शहर में एक साथ नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, आरओबी और एलिवेटेड रोड निर्माण का काम चल रहा है. दूसरी ओर, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) घर-घर पाइपलाइन के जरिये नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाने के लिए भूमिगत पाइप बिछा रहा है. निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी से पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. कई जगहों पर पीएचइडी की जलापूर्ति पाइप क्षतिग्रस्त हो चुकी है. ऐसे में लोगों को आशंका है कि निर्माण कार्यों के दौरान गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने से कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटना के बाद दरभंगा के लोग भी सशंकित हैं. उन्हें डर है कि निर्माण एजेंसियों के बीच तालमेल की कमी के कारण मुजफ्फरपुर जैसी घटना यहां भी न हो जाए.

31585 घरों तक पीएनजी पहुंचाने का लक्ष्य

जानकारी के अनुसार, बीपीसीएल ने जिले में पहले चरण में 31585 घरों तक पीएनजी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. अब तक 30840 घरों तक पाइपलाइन बिछायी जा चुकी है. बहेड़ी और नगर निगम क्षेत्र के कुल 1000 घरों में इस सुविधा की आपूर्ति शुरू हो चुकी है. इनमें बहेड़ी प्रखंड क्षेत्र के 571 और नगर निगम क्षेत्र के 429 उपभोक्ता शामिल हैं.

शहर के बांकी क्षेत्रों में भी बीपीसीएल जमीन के नीचे छेद कर पाइप बिछाने का काम तेजी से कर रहा है. दूसरी तरफ, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़कों के किनारे भूमिगत मोबाइल केबल बिछाने का काम भी मशीनों से किया जा रहा है. नाला, आरओबी और एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए भी सड़कों और उनके किनारे खुदाई की जा रही है.

पहले भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं जलापूर्ति पाइप

सड़कों के किनारे पहले से पीएचइडी की जलापूर्ति पाइप गुजर रही हैं. विभिन्न निर्माण कार्यों के दौरान ये पाइप कई बार क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं. ऐसे में भूमिगत गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जतायी जा रही है. लोगों का कहना है कि गैस पाइपलाइन में मामूली रिसाव भी शहर के लिए गंभीर खतरा बन सकता है.

निर्माण एजेंसियों को समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर में हुई घटना के बाद बीपीसीएल को पाइप बिछाने और गैस आपूर्ति के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. सड़क, नाला और मोबाइल केबल निर्माण से जुड़ी अन्य एजेंसियों को भी आपसी समन्वय स्थापित कर सावधानी के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है.

उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से सभी निर्माण एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने के लिए पत्र जारी किया गया है. इसमें कहा गया है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित करें और जनहित में संचालित कार्यों को आगे बढ़ाएं. आम लोगों से पीएनजी क्षेत्र में पटाखों का उपयोग कम करने की अपील भी की गयी है.

यह भी पढ़ें

दरभंगा मंडल कारा का एससी-एसटी आयोग की टीम ने किया औचक निरीक्षण

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन