दरभंगा के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल, जिला उद्योग केंद्र में हुई निर्यात जागरूकता कार्यशाला
योजनाओं की जानकारी देतीं प्रभारी
दरभंगा के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाज़ार से जोड़ने के लिए निर्यात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन. निर्यात प्रक्रिया, सुविधाओं और वित्तीय सहायता पर विशेष चर्चा.
Darbhanga News: दरभंगा के स्थानीय उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल की जा रही है. इसी उद्देश्य से उद्योग विभाग की ओर से बुधवार को जिला उद्योग केंद्र में निर्यात जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गयी. रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (आरएएमपी) योजना के तहत आयोजित इस कार्यशाला में उद्यमियों को निर्यात की प्रक्रिया, जरूरी औपचारिकताओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गयी.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थानीय उत्पादों की पहचान पर जोर
कार्यशाला की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र की प्रभारी सुरुचि कुमारी ने की. उन्होंने एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन के साथ महानिदेशालय विदेश व्यापार, एपीडा और ईपीसीएच की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि जिले के उत्पादों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की अपार क्षमता है. उद्यमी उचित जानकारी और जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा कर अपने कारोबार का विस्तार कर सकते हैं.
बैंकिंग और वित्तीय समस्याओं पर हुई चर्चा
एलडीएम विकास कुमार ने उद्यमियों के साथ बैंकिंग सहभागिता और वित्तीय समस्याओं के समाधान पर चर्चा की. उन्होंने कारोबार के विस्तार में बैंकिंग सुविधाओं की भूमिका और वित्तीय सहयोग से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी.
डाक निर्यात केंद्र की सुविधाओं से कराया अवगत
डाक निर्यात पदाधिकारी धीरज कुमार एवं विद्यानंद ने डाक निर्यात केंद्र की ओर से दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताया. उन्होंने शत-प्रतिशत जीएसटी प्रतिपूर्ति, लॉजिस्टिक सहायता और फास्ट पिक-अप जैसी सुविधाओं की जानकारी दी. इससे उद्यमियों को अपने उत्पादों के निर्यात में मिलने वाली सहायता के बारे में समझने का अवसर मिला.
खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल और हैंडीक्राफ्ट पर जानकारी
पटना से आए आरएएमपी के निर्यात सलाहकार ऋषु राज ने पीपीटी के माध्यम से निर्यात की आवश्यक औपचारिकताओं को समझाया. उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल और हैंडीक्राफ्ट क्षेत्र के उत्पादों के निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी. कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को निर्यात के अवसरों से परिचित कराकर उनके कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद करना था.
ये भी पढ़ें: Kali Puja: दिवाली की रात होती है मां काली की पूजा? जानें महाराजा की चिता पर क्यों बना श्यामा माई मंदिर
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
