कायाकल्प अभियान के तहत बक्सर में 1,569 योजनाओं की प्रविष्टि, 30 नवंबर तक पूरा होगा मरम्मत कार्य
बैठक में शामिल अधिकारी | Prabhat Khabar Network
Buxar News : बक्सर में कायाकल्प अभियान के तहत 1569 योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि हो चुकी है. डीएम ने 30 नवंबर तक मरम्मत और 31 मार्च 2027 तक नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य रखा है.
Buxar News : डीएम साहिला की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कायाकल्प अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. इसमें सार्वजनिक परिसंपत्तियों के जीर्णोद्धार, मरम्मत, रंग-रोगन और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. बैठक में डीडीसी, सहायक समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए. वहीं, नगर निकायों और प्रखंडों के पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया.
निर्धारित लक्ष्य से अधिक योजनाओं की हुई प्रविष्टि
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में निर्धारित न्यूनतम लक्ष्य 1,360 योजनाओं के विरुद्ध अब तक 1,569 योजनाओं की प्रविष्टि पोर्टल पर की जा चुकी है. डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने विभागीय लॉगिन के माध्यम से योजनाओं की समीक्षा करने और लंबित प्रविष्टियों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने अभियान के तहत सभी पात्र योजनाओं को चिह्नित कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार काम आगे बढ़ाने पर जोर दिया.
30 नवंबर तक पूरा करना होगा मरम्मत और जीर्णोद्धार का कार्य
डीएम ने निर्देश दिया कि पहले से निर्मित सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और रंग-रोगन का कार्य 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाए. इसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारियों को संबंधित परिसंपत्तियों और योजनाओं की पहचान कर तत्काल काम शुरू कराने को कहा गया. अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर स्थिति में लाने के साथ उनकी उपयोगिता और सुविधाओं में सुधार करना है.
Also Read : डुमरांव नगर परिषद की बैठक में मास्टर रोल पर सवाल, ट्रेड लाइसेंस होगा अनिवार्य
नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की समय-सीमा 31 मार्च 2027
बैठक में नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया. डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में कम से कम 10 योजनाओं का चयन किया जाए. संबंधित अधिकारी योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में तेजी लाएं, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जा सके.
कार्यों के पहले और बाद की तस्वीरें सुरक्षित रखने का निर्देश
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की तस्वीरें एवं वीडियो सुरक्षित रखने का निर्देश दिया. साथ ही, प्रत्येक कार्य का समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि कायाकल्प अभियान का लाभ आम लोगों को मिल सके.
Also Read : दुर्गापूजा को लेकर डुमरांव थाने में शांति समिति की बैठक, अफवाहों से दूर रहने की अपील
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
