बक्सर में बेसुध होकर गिरा कांवरिया, मौत; साथियों से विवाद के बाद अकेले निकला था युवक
फोटो :- राजपुर थाना | Prabhat Khabar Network
कैमूर के कांवरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दोस्तों से विवाद के बाद अकेला पैदल जा रहा था मृतक। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
Buxar News : बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के ईसापुर-खीरी मुख्य पथ पर संगरॉव-पलिया गांव के बधार के समीप रविवार रात एक कांवरिया की बेसुध होकर गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के कम्हारी गांव निवासी 28 वर्षीय प्रदुमन पांडेय, पिता बच्चन पांडेय के रूप में हुई है.
आपके शहर में
साथियों से विवाद के बाद अकेले पैदल निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, प्रदुमन अपने गांव के साथियों के साथ ट्रैक्टर से चौसा गंगाजल लेने जा रहा था. रास्ते में किसी बात को लेकर साथियों से उसका विवाद हो गया. विवाद के बाद साथी उसे रास्ते में उतारकर आगे चले गए, जबकि प्रदुमन अकेले पैदल ही आगे बढ़ने लगा.
पानी भरे चाट में बेसुध होकर गिरा
रविवार रात करीब 10:30 बजे संगरॉव पुल से आगे अचानक वह बेसुध होकर सड़क किनारे पानी भरे चाट में गिर गया. सुनसान इलाका होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी. करीब एक घंटे बाद गुप्ता धाम जा रहे कांवड़ियों के एक जत्थे की नजर पानी में पड़े युवक पर पड़ी.
कांवड़ियों ने स्थानीय युवकों और पुलिस को दी सूचना
कांवड़ियों ने संगरॉव बाजार में सेवा में जुटे स्थानीय युवकों और पुलिस को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदुमन को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी. थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
घर में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही प्रदुमन के घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, हादसे की खबर से रास्ते से गुजर रहे अन्य श्रद्धालुओं में भी शोक की लहर है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए