बिहारशरीफ : बंद घर में चोरों ने पहले खोजीं चाबियां, फिर लॉकर खोल उड़ाई 11 लाख से ज्यादा की संपत्ति
घर में बिखरा सामान | Prabhat Khabar Network
बिहारशरीफ के एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए 11 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोरों ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी व सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए.
Biharsharif House Theft (निरंजन कुमार) : बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के सिंगथु टाड़ापर गांव में बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाकर 11 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोर मकान की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखे छह लाख रुपये से अधिक नकद तथा करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए.
आपके शहर में
रिश्तेदार के घर गए थे गृहस्वामी
घटना उस समय हुई, जब गृहस्वामी सपरिवार लखनऊ गए हुए थे. पीड़ित नीरज कुमार बैंक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) का संचालन करते हैं. उन्होंने बताया कि 26 तारीख को वह परिवार के साथ लखनऊ स्थित रिश्तेदार के यहां गए थे. घर में ताला लगा था.
खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए चोर
वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला सही मिला, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही कमरों में सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला. जांच में मकान के पिछले हिस्से की एक खिड़की खुली मिली, जबकि दूसरी खिड़की टूटी हुई थी.
Also Read : नालंदा के लाल का कमाल: सुब्रत शांडिल्य बनाएंगे कम लागत वाला स्वदेशी जेट इंजन और थ्री-डी कार्गो ड्रोन
आशंका है कि चोरों ने खिड़की तोड़कर हाथ अंदर डालकर सिटकनी खोली और घर में प्रवेश किया. इसके बाद ड्रेसिंग टेबल में रखी अलमारियों और लॉकर की चाबियां खोजकर एक-एक कर सभी ताले खोल दिए.
सीएसपी की रकम और जेवरात चोरी
पीड़ित नीरज कुमार ने बताया कि चोरी हुई नकदी में सीएसपी ग्राहकों का पैसा और निजी रकम शामिल है. इसके अलावा शादी-विवाह में मिले सोने-चांदी के जेवरात भी चोर ले गए.
सीसीटीवी की जांच और एफएसएल टीम बुलाई गई
सूचना पर मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है. थानाध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है. लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए