बिहार में बनेगा पूर्वोत्तर भारत का सबसे बड़ा फाइनेंशियल हब: पटना में 100 एकड़ में सजेगी हाइटेक पाटलिपुत्र फिन-टेक सिटी
पटना में 100 एकड़ में पूर्वोत्तर भारत की पहली फिन-टेक सिटी बनेगी. यह वित्तीय गतिविधियों का हाइटेक केंद्र होगा, जिससे 35 हजार रोजगार सृजित होंगे.
पटना. पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप में पूर्वोत्तर भारत की पहली फाइनेंस टेक सिटी (फिन-टेक सिटी) बसायी जाएगी. करीब 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस प्रस्तावित सिटी में बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा और शेयर बाजार से जुड़ी देश-विदेश की बड़ी कंपनियों के कार्यालय होंगे. यहां स्टॉक एक्सचेंज के निर्माण की भी परिकल्पना तैयार की गई है. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस शहर में ऊंची इमारतों के साथ पांच सितारा होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके माध्यम से पटना को वित्तीय सेवाओं के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की कोशिश होगी. नगर विकास एवं आवास विभाग का दावा है कि इस शहर के विकसित होने से करीब 35 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा.
खास बातें
- 100 एकड़ में विकसित होगा वित्तीय गतिविधियों का हाइटेक केंद्र
- बैंकिंग, बीमा और शेयर बाजार से जुड़ी कंपनियों के खुलेंगे कार्यालय
पूर्वोत्तर राज्यों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करेगा पाटलिपुत्र
देश में वित्तीय सेवाओं के एक बड़े केंद्र के रूप में गुजरात की गिफ्ट सिटी (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी) का उदाहरण सामने है. गांधीनगर और अहमदाबाद के बीच साबरमती नदी के निकट विकसित यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र (आइएफएससी) के रूप में स्थापित है. इसका उद्देश्य वैश्विक वित्तीय सेवाओं, बैंकिंग, पूंजी बाजार और प्रौद्योगिकी से जुड़ी कंपनियों को एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराना है. इसे सिंगापुर, दुबई और हांगकांग जैसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्रों की तर्ज पर विकसित किया गया है. इसी तरह पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप में प्रस्तावित फिन-टेक सिटी बिहार के साथ पूर्वोत्तर राज्यों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम जैसे राज्यों की वित्तीय गतिविधियों के संचालन के लिए पटना को एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से तैयार की गई है.
निवेश और रोजगार के खुलेंगे नये अवसर
फिन-टेक सिटी विकसित होने से बैंकिंग, बीमा, निवेश प्रबंधन, वित्तीय प्रौद्योगिकी और शेयर बाजार से संबंधित कंपनियों के लिए एक साझा व्यावसायिक केंद्र तैयार होगा. .यहां वित्तीय सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के कार्यालय स्थापित होंगे. साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी, लेखा, वित्तीय परामर्श, कानूनी सेवाओं, होटल और आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार के नये अवसर भी उत्पन्न हो सकेंगे. आधुनिक कार्यालयों के साथ होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित होने से देश-विदेश से आने वाले निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों को सहूलियत मिलेगी.
फिन-टेक सिटी विकसित होने से मिलने वाले फायदे
| क्रम संख्या | क्षेत्र | संभावित लाभ |
| 1 | बैंकिंग | बैंकों और वित्तीय संस्थानों के कार्यालय स्थापित होंगे. |
| 2 | बीमा | बीमा कंपनियों को एक साझा व्यावसायिक केंद्र मिलेगा. |
| 3 | निवेश प्रबंधन | निवेश प्रबंधन से जुड़ी कंपनियों को कामकाज के लिए बेहतर आधार मिलेगा. |
| 4 | वित्तीय प्रौद्योगिकी | फिनटेक कंपनियों और वित्तीय तकनीक से जुड़ी सेवाओं का विस्तार होगा. |
| 5 | शेयर बाजार | शेयर बाजार से संबंधित कंपनियों और संस्थानों को व्यावसायिक सुविधाएं मिलेंगी. |
| 6 | सूचना प्रौद्योगिकी | आइटी क्षेत्र में रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे. |
| 7 | लेखा और वित्तीय परामर्श | अकाउंटिंग और वित्तीय सलाहकार कंपनियों के लिए काम के अवसर बढ़ेंगे. |
| 8 | कानूनी सेवाएं | वित्तीय और कारोबारी गतिविधियों से जुड़ी कानूनी सेवाओं की मांग बढ़ेगी. |
| 9 | होटल और आतिथ्य | होटल, रेस्टोरेंट और अन्य आतिथ्य सुविधाओं का विकास होगा. |
| 10 | निवेश और कारोबार | देश-विदेश से आने वाले निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों को आधुनिक कार्यालयों और व्यावसायिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। |
बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
वित्तीय प्रौद्योगिकी को मिलेगा बढ़ावा
फिन-टेक सिटी का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य पारंपरिक वित्तीय सेवाओं और आधुनिक तकनीक के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना होगा. डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान, वित्तीय डेटा प्रबंधन और तकनीक आधारित निवेश सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के लिए यहां अवसर उपलब्ध होंगे. परियोजना को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का वित्तीय केंद्र बनाने के लिए मजबूत डिजिटल नेटवर्क, निर्बाध बिजली, बेहतर सड़क संपर्क और कुशल मानव संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
Also Read: भूदान जमीन पर एक्शन: अवैध पर्चे रद्द कर दर्ज होगी FIR, छह जोन में औचक निरीक्षण की तैयारी
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए