पांच महीने बाद आखिर बांका के चांदन डैम से मिला विवाहिता का कंकाल, जानें कैसे हुई पहचान
Author : Prabhat Khabar News Desk Published by : Prabhat Khabar Updated At : 22 Nov 2020 9:34 AM
जयपुर थाना में गत 13 जून, 2020 को मामला दर्ज हुआ है.
जयपुर (बांका) : जयपुर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित कंकई देवी हत्याकांड की जांच में पुलिस ने पांच महीनों बाद चांदन डैम से प्लास्टिक बोरा में बंद मृतका का कंकाल बरामद किया है. कंकाल से लिपटी हरा रंग की साड़ी से मां नीरा देवी, बहन बबीता कुमारी व भाई मणिकांत यादव ने शिनाख्त की है.
जयपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत के नेतृत्व में दल-बल के साथ पहुंची पुलिस टीम ने बरामद कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिये भेज दिया है. इस मौके पर पुलिस अवर निरीक्षक मैनेजर सिंह व सअनि रमेश चौधरी दल-बल के साथ मौजूद थे.
कंकाल मिलने के साथ ही कंकई देवी हत्याकांड का पूरी तरह से उद्भेदन हो गया है. ज्ञात हो कि जयपुर थाना क्षेत्र के कोल्हासार गांव में हुई कंकई देवी हत्याकांड में पिता रामसुंदर यादव ग्राम झालर थाना बंधुआकुरावा (बौंसी) के बयान पर आठ लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज है.
जिसमें दहेज में एक लाख रूपये नहीं मिलने पर प्रताडि़त करते हुए हत्या कर शव को कहीं छिपा देने का आरोप लगाया गया है. जयपुर थाना में गत 13 जून, 2020 को मामला दर्ज हुआ है.
इस मामले में पुलिस तीन अभियुक्तों को जेल भेज चुकी है. जिसमें भैंसुर पंकज यादव, गोतनी इंदु देवी ग्राम कोल्हासार व मामा ससुर दिनेश यादव ग्राम पलनियां शामिल हैं. मृतका के फरार पति नीकू यादव, ससुर रामदेव यादव व सास के घर पुलिस कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी पूरी कर चुकी है.
जानकारी के अनुसार जयपुर थाना क्षेत्र के कोल्हासार गांव में गत 10 जून को ही दहेजलोभी ससुराल वालों ने विवाहिता कंकई देवी की हत्या कर शव को गायब कर दिया था. काफी खोजबीन के बाद मायके वालों ने जयपुर थाना को सूचना देने के बाद प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी.
शव की बरामदगी को लेकर पुलिस टीम ने कई जगहों पर खुदाई भी करायी थी. आशंका जतायी जा रही है कि हत्या के बाद शव को प्लास्टिक बोरा में बंद कर चांदन डैम में फेंक दिया गया था. पानी सूखने के कारण बंद बोरा से आ रही दुर्गंध पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की. कंकाल व सूती की साड़ी मिलने पर पहचान करायी गयी.
Posted by Ashish Jha
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










