ePaper

महाशय ड्योढ़ी व पाठकडीह में शुरू हुई मां दुर्गा की पूजा, सुजापुर में आज से

Updated at : 25 Sep 2024 9:21 PM (IST)
विज्ञापन
महाशय ड्योढ़ी व पाठकडीह में शुरू हुई मां दुर्गा की पूजा, सुजापुर में आज से

महाशय ड्योढ़ी व सन्हौला पाठकडीह दुर्गा स्थान में जिउतिया के साथ बुधवार को मां दुर्गा की पूजा शुरू हो गयी, जो 18 दिनों तक चलेगी.

विज्ञापन

महाशय ड्योढ़ी व सन्हौला पाठकडीह दुर्गा स्थान में जिउतिया के साथ बुधवार को मां दुर्गा की पूजा शुरू हो गयी, जो 18 दिनों तक चलेगी. बांग्ला विधि-विधान से कलश स्थापित की गयी. इसे लेकर गाजे-बाजे के साथ मुख्य पुरोहित समेत सात पंडितों ने गंगा तट पर कलश में जल भरा और दुर्गा स्थान में विधि-विधान से स्थापित किया. वहीं सुजापुर में गुरुवार को पूजा शुरू होगी.

लुटायी गयी कौड़ी, बौधन घट स्थापित

महाशय ड्योढ़ी परिसर में कौड़ी लुटायी गयी. कौड़ी लूटने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. ऐसी मान्यता है कि घर में लूटी कौड़ी रखना शुभ है. इसी दिन बांग्ला बहुल संस्कृतियुक्त मोहल्लों के हर घर में कलश स्थापित किया गया. साथ ही हरेक महिला एक-दूसरे को सिंदूर लगा कर सुख-समृद्धि के लिए मां दुर्गा का आह्वान किया. पूर्व पार्षद देवाशीष बनर्जी ने बताया कि महाशय परिवार के निजी देवोत्तर ट्रस्ट के तहत डॉ अरविंद घोष, शर्मिष्ठा रक्षित, डॉ दीपछंदा घोष का विशेष योगदान रहा. विधि-विधान में पुरोहित सुभाशीष लाहिड़ी, दिलीप भट्टाचार्य, मिट्ठू आचार्य, सुदीप कुमार सरखेल, मधु यादव शामिल हुए.

18 दिनों तक होगी पूजा, बांग्ला विधि में भी अलग पूजन पद्धति

महाशय ड्योढ़ी, सूजापुर व सन्हौला के पाठकडीह में पूजा पारंपरिक ढंग से होती है. जिउतिया पर्व के साथ ही दुर्गा पूजा की प्रक्रिया शुरू हो जाती है. यह प्रक्रिया बोधन घट निकालने से शुरू होती है, जिसमें देवी दुर्गा को आह्वान किया जाता है. इसमें श्रद्धालु गंगा नदी से कलश में पानी भर कर लाते हैं. फिर इसे पूजा स्थान में स्थापित किया जाता है.

यही प्रक्रिया चतुर्थी व सप्तमी को भी की जाती है. चतुर्थी और सप्तमी को (केला बहू) नौ पत्ते को मां के रूप में गंगा में स्नान करा कर स्थापित की जाती है. सप्तमी के दिन आसपास की महिलाएं पुष्पांजलि करती हैं. अष्टमी को महाभोग व आरती और नवमी को पूजन होता है. दशमी को श्रद्धालु पूजन के बाद मैया की प्रतिमा विसर्जित करते हैं. प्रतिमा विसर्जन के लिए गंगा नदी में नाव पर मां को सात बार चक्कर लगवाया जाता है. इसके बाद महिलाएं सिंदूर खेला करती है और पुरुष एक-दूसरे से मिलते-जुलते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन