भागलपुर की छात्रा की फिल्म ‘नो वार मिस्टर प्रेसिडेंट’ में एंट्री, दिल्ली फिल्म फेस्टिवल में होगा प्रदर्शन
नो वॉर प्रेसिडेंट फिल्म में महालया बोध. | Prabhat Khabar Network
भागलपुर की बाल कलाकार महालया बोध की फिल्म 'नो वॉर मिस्टर प्रेसिडेंट' दिल्ली शॉर्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित होगी. यह युद्ध की भयावहता और इंसानियत पर इसके प्रभाव को दर्शाती है.
भागलपुर : तिलकामांझी की रहने वाली और माउंट एसीसी स्कूल की कक्षा चार की छात्रा महालया बोध ने अभिनय के क्षेत्र में शहर का नाम रोशन किया है. उनकी शॉर्ट फिल्म ‘नो वॉर मिस्टर प्रेसिडेंट’ का प्रदर्शन 15वें दिल्ली शॉर्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में होगा. फिल्म की स्क्रीनिंग 25 अक्तूबर को नई दिल्ली में देश-विदेश से पहुंचे फिल्म विशेषज्ञों और फिल्म प्रेमियों के बीच होगी.
युद्ध और उसकी त्रासदी पर आधारित है फिल्म
‘नो वॉर मिस्टर प्रेसिडेंट’ युद्ध और उससे होने वाली मानवीय त्रासदी पर आधारित शॉर्ट फिल्म है. इसमें महालया बोध ने बाल कलाकार के रूप में अहम भूमिका निभायी है. फिल्म के जरिये यह संदेश देने की कोशिश की गयी है कि युद्ध भले ही किसी देश की जीत-हार तय करता हो, लेकिन इसकी सबसे बड़ी कीमत इंसानियत को चुकानी पड़ती है.
महालया ने फिल्म में ईरानी बच्ची की भूमिका निभायी है. छोटी उम्र में उनके अभिनय को फिल्म से जुड़े लोगों की ओर से सराहा जा रहा है. अब फिल्म के फेस्टिवल में प्रदर्शन के साथ महालया के अभिनय पर भी दर्शकों और जूरी की नजर रहेगी.

बोध फिल्म्स के बैनर तले बनी है शॉर्ट फिल्म
बोध फिल्म्स के बैनर तले बनी यह शॉर्ट फिल्म दिल्ली शॉर्ट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित होने से पहले भी चर्चा में रही है. फिल्म की प्रस्तुति और विषय को लेकर इसे अलग पहचान मिली है. फिल्म में महालया ने ईरानी बच्ची के किरदार को अपने अभिनय से जीवंत करने का प्रयास किया है.
फिल्म के माध्यम से युद्ध की भयावहता और उसके बीच पिसती इंसानियत को सामने लाने की कोशिश की गयी है. संदेश यही है कि युद्ध में जीत किसी एक देश की हो सकती है, लेकिन उसकी त्रासदी का असर पूरी मानवता पर पड़ता है.
फिल्म फेस्टिवल में महालया को सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार का पुरस्कार मिलेगा या नहीं, इसका फैसला जूरी करेगी. फिलहाल उनके अभिनय को लेकर पुरस्कार की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
