बेतिया महिला कॉलेज को 62 साल बाद मिले पक्के क्लासरूम, सांसद संजय जायसवाल ने किया नए भवन का उद्घाटन
उद्घाटन करते सांसद डॉ संजय जायसवाल
बेतिया महिला कॉलेज को 62 साल बाद 60 लाख की लागत से बने नए भवन का तोहफा मिला है. सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने किया उद्घाटन, छात्राओं को मिलेगी बेहतर शिक्षा सुविधा.
Bettiah News: बेतिया. शहर स्थित महेश्वरनाथ महामाया महिला महाविद्यालय में 60 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित सात क्लासरूम वाले दो मंजिला भवन का बुधवार को पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने उद्घाटन किया. समारोह में उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय के एकमात्र महिला महाविद्यालय को स्थापना के करीब 62 साल बाद पक्के और सुसज्जित क्लासरूम मिलना महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने, शोध आधारित पढ़ाई को बढ़ावा देने और छात्राओं को डिजिटल संसाधनों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में सदर एसडीएम विकास कुमार, महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. सिम्मी सिन्हा समेत शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं.
62 साल बाद मिले पक्के और सुसज्जित क्लासरूम
महाविद्यालय में नए भवन के उद्घाटन को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि वह अपने बचपन से ही इस कॉलेज की स्थिति देखते आए हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक पहचान केवल उसकी इमारत से नहीं, बल्कि वहां के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों से होती है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर आधारभूत सुविधाओं से छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा और महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
डिजिटल संसाधनों से गहन अध्ययन करने की सलाह
नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शोध आधारित अध्ययन और विषयों की गहरी समझ आवश्यक है. उन्होंने समारोह में उपस्थित छात्राओं को गूगल और यूट्यूब पर उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री का उपयोग करने की सलाह दी.
उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ नए विषयों की जानकारी हासिल करने और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से अपने ज्ञान का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया.
नए संकाय और विषय शुरू करने की तैयारी
सदर एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि करीब 16 महीने पहले सांसद डॉ. संजय जायसवाल को महाविद्यालय के शासी निकाय का अध्यक्ष और उन्हें सदस्य बनाया गया था. उन्होंने कहा कि इसके बाद से कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.
एसडीएम ने बताया कि सांसद के मार्गदर्शन में महाविद्यालय में नए संकाय और विषयों की पढ़ाई शुरू कराने की पहल भी की जा रही है. इससे छात्राओं को भविष्य में उच्च शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की उम्मीद है.
प्राचार्या ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. सिम्मी सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अपने सेवाकाल के अंतिम चरण में महाविद्यालय परिवार के सहयोग से इतनी महत्वपूर्ण उपलब्धि के समारोह की अध्यक्षता करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है.
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. राकेश कुमार सिन्हा ने किया. समारोह को सफल बनाने में सचिव डॉ. अरुण कुमार, डॉ. कल्पना वर्मा और डॉ. अवधेश प्रसाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा. महाविद्यालय की पूर्व प्राध्यापिका डॉ. मंजू शाही ने सांसद एवं शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया.
ये भी पढ़ें: वीटीआर में वनकर्मियों की गश्त होगी आसान, 50 नए दोपहिया वाहनों से अवैध कटाई और शिकार पर रखी जाएगी नजर
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
