बेतिया में धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, बाइक से लेकर सोने-चांदी के आभूषणों तक की जमकर हुई बिक्री
खरीदारी करते ग्राहक
धनतेरस पर बेतिया के बाजारों में खरीदारों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी. बाइक, सोना-चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की खूब हुई बिक्री. जानें क्या रहा खास.
West Champaran News: बेतिया: भगवान धन्वंतरि के पूजन और धन-धान्य के प्रतीक पर्व धनतेरस पर शुक्रवार को बेतिया के बाजारों में खरीदारों की खूब भीड़ उमड़ी. सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा. जिला मुख्यालय समेत आसपास के बाजारों में आभूषण, दोपहिया और चारपहिया वाहन, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान और झाड़ू की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही. इस दौरान सोने-चांदी के आभूषणों और सिक्कों के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की भी मांग रही. ऑटोमोबाइल सेक्टर में बाइक की सबसे अधिक बिक्री देखने को मिली. वहीं कार, ट्रैक्टर, ऑटो और ई-रिक्शा के शोरूम में भी ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचे.
ऑटोमोबाइल सेक्टर में रही जबरदस्त रौनक, समीर होंडा में बाइकें आउट ऑफ स्टॉक
धनतेरस पर बेतिया का ऑटोमोबाइल बाजार गुलजार रहा. सुप्रिया रोड स्थित समीर होंडा के शोरूम में होंडा की बाइकें आउट ऑफ स्टॉक हो गईं. शोरूम में कुल 1200 बाइकें बिकने की जानकारी दी गई. इनमें शाइन 100 डीएस, एसपी 125 और एसपी 160 मॉडल ग्राहकों की पसंद रहे. प्रोपराइटर डॉ. अमिताभ चौधरी ने बताया कि धनतेरस, दीपावली और छठ को लेकर ग्राहकों ने पहले से बुकिंग कराई थी. इसी प्री-बुकिंग का ग्राहकों को लाभ मिला.
वहीं, शशि बजाज में भी बाइक की खूब बिक्री हुई. प्रोपराइटर आशीष राजगढ़िया ने बताया कि देर रात तक बाइक की डिलीवरी जारी रही. ग्राहकों ने सबसे ज्यादा पल्सर 125 और पल्सर एन 160 मॉडल पसंद किए. शोरूम की ओर से छठ तक ऑफर का लाभ देने की बात भी कही गई. इसके अलावा कार, ट्रैक्टर, ऑटो, ई-रिक्शा और कृषि उपकरणों की दुकानों में भी ग्राहकों की आवाजाही रही. सोनालिका के अधिकृत शोरूम शारदा इंटरप्राइजेज से भी ट्रैक्टरों की बिक्री हुई. प्रोपराइटर कृष्णा प्रसाद ने बताया कि धनतेरस को लेकर ग्राहकों ने पहले से बुकिंग कराई थी.
नंदिनी, अप्सरा और प्रिंस ज्वेलर्स में सुबह से लगी रही भीड़
धनतेरस पर सर्राफा बाजार में भी अच्छी खरीदारी हुई. सर्राफा कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, बेतिया में करोड़ों रुपये के आभूषणों की बिक्री हुई. हजारीमल धर्मशाला परिसर और सुप्रिया रोड स्थित नंदिनी ज्वेलर्स में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही. प्रोपराइटर योगेश सर्राफ ने बताया कि इस वर्ष भी धनतेरस का कारोबार अच्छा रहा.
धर्मशाला परिसर स्थित अप्सरा ज्वेलर्स और मीना बाजार स्थित प्रिंस ज्वेलर्स में भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही. प्रोपराइटर अमरनाथ उर्फ भोला ने बताया कि सोने और चांदी के भाव में कमी आने से लोगों ने अपने बजट के अनुसार खरीदारी की. महिलाओं ने आभूषणों के नए डिजाइन पसंद किए. इस दौरान सोने-चांदी के सिक्कों और बिस्कुट की भी मांग रही.
नवदुर्गा ज्वेलर्स और तनिष्क में भी आभूषणों की मांग
लाल बाजार स्थित नवदुर्गा ज्वेलर्स में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी. प्रोपराइटर प्रमोद कुमार के अनुसार, ग्राहकों ने डायमंड और सोने के आभूषणों की सबसे ज्यादा खरीदारी की. इसके साथ ही लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और सोने-चांदी के सिक्कों की भी मांग रही.
तनिष्क बेतिया के शोरूम में भी सुबह से ग्राहकों की आवाजाही बनी रही. महिलाएं पारंपरिक गहनों के साथ आधुनिक डिजाइन की ज्वेलरी पसंद करती दिखीं. पार्टनर विधान गोयनका ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर और नए डिजाइन के आभूषण उपलब्ध कराए गए थे.
कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में भी रही ग्राहकों की भीड़
धनतेरस पर कपड़ा और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी अच्छी खरीदारी हुई. सुप्रिया रोड स्थित रीवा फैशन और जीनी जॉनी के साथ लाल बाजार की बहुरानी शॉपी और पीतांबरी में कपड़ों की बिक्री हुई. वहीं, सुप्रिया रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक विजन में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचे.
इलेक्ट्रॉनिक विजन के प्रोपराइटर नसीम अहमद ने बताया कि ग्राहकों के लिए छठ पर्व तक खरीदारी पर विशेष ऑफर और उपहार की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा मीना बाजार में भी धनतेरस की खरीदारी को लेकर लोगों की भीड़ रही. बर्तन, झाड़ू और अन्य घरेलू सामानों की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंचे. कुल मिलाकर धनतेरस पर बेतिया के बाजारों में सुबह से देर रात तक रौनक बनी रही.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
