बेगूसराय के तेघड़ा में किसान की हत्या का खुलासा, चचेरे भाई के बेटे ने आंखों के सामने मारी तीन गोलियां
घटनास्थल पर जांच करते एसपी बेगूसराय
Begusarai News : बेगूसराय के तेघड़ा में खेत में सब्जी तोड़ने गए किसान की भतीजे ने बेटे के सामने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.
Begusarai News : तेघड़ा थाना क्षेत्र की रातगांव पंचायत स्थित बिसौआ गांव में बुधवार की शाम 55 वर्षीय किसान विजय चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. खेत में सब्जी तोड़ने गये किसान की हत्या किसी अज्ञात अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके चचेरे भाई के बेटे कुंदन चौधरी ने कथित तौर पर घात लगाकर की. वारदात का सबसे खौफनाक पहलू यह रहा कि आरोपी ने मृतक के बेटे की आंखों के सामने एक के बाद एक तीन गोलियां चलाकर विजय चौधरी की हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी और ग्रामीणों में आक्रोश है. सूचना मिलते ही एसपी मनीष मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली.
आपके शहर में
बेटे की आंखों के सामने दागी दूसरी और तीसरी गोली
मृतक विजय चौधरी के पुत्र राजा कुमार चौधरी ने बताया कि वह पास स्थित आटा मिल पर आटा पिसाने गया था. शाम करीब 4 से 4:15 बजे के बीच अचानक खेत की तरफ से गोली चलने की आवाज सुनायी दी. पहली गोली की आवाज सुनते ही उसे अनहोनी की आशंका हुई और वह बदहवास हालत में खेत की ओर दौड़ा.
राजा कुमार चौधरी के अनुसार, जब वह खेत के पास पहुंचा, तो उसकी आंखों के सामने ही आरोपी ने उसके पिता के शरीर में दूसरी और तीसरी गोली दाग दी. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके की ओर दौड़ पड़े. लोगों को आते और माहौल गर्म होते देख हमलावर मौके से फरार हो गया. परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने तक विजय चौधरी की मौत हो चुकी थी.
हत्या से परिवार में मचा कोहराम
विजय चौधरी की हत्या से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गये हैं. घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है. दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश है. परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से हत्यारोपित की जल्द गिरफ्तारी कर उसे कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.

बारिश के बीच घटनास्थल पर पहुंचे एसपी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रात में तेज बारिश के बीच एसपी मनीष खुद घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार और स्थानीय थाना पुलिस की टीम भी मौजूद रही. एसपी ने घटनास्थल और आसपास के इलाके का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने परिजनों से पुरानी रंजिश, धमकियों और संदिग्धों के बारे में विस्तृत जानकारी ली.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी के निर्देश
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को नामजद आरोपी कुंदन चौधरी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करने का निर्देश दिया. पुलिस घटना के कारणों और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए