बेगूसराय में एमएलसी चुनाव के दौरान हंगामा,बूथ रद्द करने और मतदान रोकने की मांग पर अड़े थे सर्वेश कुमार
हंगामा की सूचना मिलते ही पहुंचे डीएम और एसपी दिनकर भवन
दरभंगा एमएलसी चुनाव में बेगूसराय में मतदान की धीमी गति को लेकर हंगामा मच गया. प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने बूथ रद्द करने की मांग की, जिसके बाद डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.
Begusarai voting news: दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के दौरान शुक्रवार को बेगूसराय के दिनकर भवन स्थित मतदान केंद्र पर धीमी वोटिंग को लेकर हंगामे की स्थिति बन गयी. मतदान की रफ्तार से नाराज एमएलसी सह प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने बूथ रद्द करने और मतदान रोकने की मांग उठायी. मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और डीएम रिची पांडेय तथा एसपी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेकर संबंधित कर्मियों से जानकारी ली और मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिये.
दो से तीन घंटे कतार में खड़े रहे मतदाता
बताया जाता है कि दिनकर भवन मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए पहुंचे मतदाताओं को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा था. कई मतदाता दो से तीन घंटे तक कतार में खड़े रहे. मतदान की धीमी गति को लेकर प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने आपत्ति जतायी और प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की. इसी दौरान बूथ रद्द करने और मतदान रोकने की मांग पर अधिकारियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई.

डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
मतदान केंद्र पर हंगामे की सूचना मिलते ही डीएम रिची पांडेय और एसपी मनीष कुमार दिनकर भवन पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्र की व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली. अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया.
डीएम ने मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और मतदानकर्मियों की तैनाती करने का निर्देश दिया. प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा और मतदान व्यवस्था में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने की पहल की गयी.
सर्वेश कुमार ने धीमी मतदान प्रक्रिया पर उठाये सवाल
घटना के दौरान मीडिया से बातचीत में एमएलसी प्रत्याशी सर्वेश कुमार ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर वोटिंग की गति काफी धीमी थी. उन्होंने कहा कि मतदाता दो से तीन घंटे तक कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. उन्होंने मतदान प्रक्रिया में तेजी लाने और व्यवस्था में सुधार की जरूरत बतायी.
फिलहाल प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और मतदानकर्मियों की तैनाती के निर्देश देकर मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाने की पहल की है.
इसे भी पढ़ें: MLA जनता चुनती है, लेकिन MLC कैसे बनते हैं? चुनाव का पूरा गणित समझिए
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
