बेगूसराय के बीहट में आम के पेड़ से लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव, मोबाइल और गमछा बरामद
घटनास्थल की जांच करती फोरेंसिंक टीम | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के बीहट में 20 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। पिकअप चालक युवक भाड़े के लिए निकला था। पुलिस ने मौके से गमछा और मोबाइल बरामद कर जांच शुरू की है।
Begusarai youth death: बेगूसराय जिले के एफसीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 से सटे बीहट मकससपुर टोला में रविवार की देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला. शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी.
मृतक की पहचान नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव निवासी राम कुमार सिंह के करीब 20 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गयी है. घटना की जानकारी मिलते ही एफसीआई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद बीहट सूदी स्थान निवासी मृतक के मामा अमन चौधरी से आवश्यक जानकारी ली.
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने घटनास्थल से एक गमछा और मृतक का मोबाइल बरामद किया. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतरवाया गया. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.
पिता के आवेदन पर यूडी केस दर्ज
एफसीआई थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. इस संबंध में मृतक के पिता के आवेदन पर यूडी केस दर्ज किया गया है.
भाड़े के लिए घर से निकला था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पिकअप चालक था और रविवार को भाड़े के लिए घर से निकला था. इसी दौरान उसने फोन पर मानसिक तनाव के कारण खुद को खत्म कर लेने की बात परिजनों को बतायी थी. इसकी जानकारी मिलने पर उसके मामा ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी क्रम में एनएच-31 से सटे बीहट मकससपुर टोला के पास एक बगीचे में आम के पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

