सरसों तेल था या जहर? सब्जी खाते ही बीमार पड़े एक ही परिवार के 5 लोग, थाने पहुंची शिकायत
फोटो- वारसावाद गांव के पीड़ित परिवार | Prabhat Khabar Network
शंभुगंज के वारसाबाद गांव में एक परिवार के पांच सदस्यों की तबियत दूषित सरसों तेल से बने भोजन के बाद अचानक बिगड़ गई. सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया. पीड़ित परिवार ने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
शंभुगंज, बांका. शंभुगंज थाना क्षेत्र के वारसाबाद गांव में कथित तौर पर दूषित सरसों तेल से बना भोजन खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गयी. सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति में सुधार हुआ. स्वस्थ होने के बाद सोमवार को पीड़ित परिवार ने शंभुगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी और दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
आपके शहर में
दुकान से खरीदे सरसों तेल में बनाया था रात का खाना
वारसाबाद गांव निवासी रघुनंदन यादव ने बताया कि रविवार को उन्होंने गांव के ही गजानंद यादव की दुकान से सरसों का तेल खरीदा था. इसी तेल से रात में सब्जी और भुजिया बनायी गयी थी.
परिवार के सदस्यों ने खाना खाने के कुछ ही देर बाद लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू कर दी. एक साथ कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गयी.
पांच सदस्यों की बिगड़ी तबीयत, निजी अस्पताल में कराया इलाज
बीमार होने वालों में रघुनंदन यादव, उनकी पुत्री मौसम कुमारी, पुत्र अंकुश कुमार, लवकुश कुमार समेत परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं. सभी को तत्काल नजदीकी निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. परिजनों के अनुसार समय पर इलाज मिलने के बाद सभी की हालत में सुधार हुआ. सोमवार को स्वस्थ होने के बाद परिवार के सदस्यों ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की.
मिलावटी या खराब तेल से फूड प्वाइजनिंग की आशंका
पीड़ित परिवार ने आशंका जतायी है कि दुकानदार द्वारा बेचे गये सरसों तेल के खराब या मिलावटी होने के कारण ही भोजन करने के बाद फूड प्वाइजनिंग की स्थिति बनी. परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. हालांकि, तेल के दूषित या मिलावटी होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
आवेदन मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष मो. आसिफ अख्तर ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: सितंबर में नहीं थमेगी मानसून की रफ्तार, अगले 72 घंटे के दौरान इन जिलों में होगी भयंकर बारिश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए