Watch Video: औरंगाबाद में राजस्व कर्मियों की हड़ताल से अभ्यर्थियों की बढ़ी परेशानी, जाति-आवासीय प्रमाणपत्र अटके
राजस्व कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से कुटुंबा में प्रमाणपत्र जारी होने में बाधा आ रही है. लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा और बीपीएससी टीआरई-4 के अभ्यर्थियों ने प्रशासन से राहत की मांग की है.
Aurangabad News : राजस्व कर्मचारियों और अधिकारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. अंचल कार्यालयों में कामकाज प्रभावित होने से जाति, आवासीय, आय, ईडब्ल्यूएस और एनसीएल समेत विभिन्न प्रमाणपत्रों का निर्गमन बाधित है. इसका सबसे अधिक असर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा और बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों पर पड़ रहा है. ऑनलाइन आवेदन करने के बाद भी प्रमाणपत्र नहीं मिलने से अभ्यर्थी अंचल कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं. वहीं, आरटीपीएस केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है. जमाबंदी सुधार, नवीनीकरण समेत राजस्व से जुड़े अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं.
16 अक्टूबर तक प्रमाणपत्र नहीं मिले तो बढ़ेगा संकट
अभ्यर्थियों के लिए शुक्रवार, 16 अक्टूबर का दिन काफी महत्वपूर्ण है. लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर और बीपीएससी टीआरई-4 के लिए 26 अक्टूबर निर्धारित है. शुक्रवार के बाद दुर्गापूजा की छुट्टियां रहेंगी और कार्यालय 21 अक्टूबर को खुलेंगे. उस दिन भी ऐच्छिक अवकाश घोषित है. ऐसे में समय पर प्रमाणपत्र जारी नहीं होने से कई अभ्यर्थियों के सामने निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा करने की चुनौती खड़ी हो गई है.
अभ्यर्थियों का कहना है कि अंतिम समय में सर्वर व्यस्त रहने की आशंका को देखते हुए वे चार-पांच दिन पहले ही आवेदन की प्रक्रिया पूरी करना चाहते हैं. लेकिन जाति, आवासीय और अन्य जरूरी प्रमाणपत्र नहीं मिलने के कारण उनका आवेदन अटक रहा है. खासकर आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को अधिक परेशानी हो रही है. अब अभ्यर्थियों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि शुक्रवार को कोई विशेष व्यवस्था कर उन्हें राहत दी जाती है या नहीं.

विवाहित महिला अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ी
टीआरई-4 और लाइब्रेरियन परीक्षा की तैयारी कर रहीं विवाहित महिला अभ्यर्थियों के सामने भी समस्या गंभीर हो गई है. कई महिलाओं को मायके के पते के आधार पर जाति और आवासीय प्रमाणपत्र की जरूरत है. इसके लिए उन्होंने अपने पिता के निवास स्थान वाले अंचल कार्यालय में आवेदन किया है. हालांकि, राजस्व कर्मियों की हड़ताल के कारण उनके आवेदन लंबित पड़े हैं.
अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के लिए आवेदन करने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. ऐसे में प्रमाणपत्र समय पर नहीं मिलने से उनकी तैयारी और आवेदन प्रक्रिया दोनों प्रभावित हो रही हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से शुक्रवार को विशेष व्यवस्था कर लंबित प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग की है.
पंचायत सचिव से जांच कराकर निकल सकता है समाधान
राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के बीच पंचायत सचिवों से आवेदनों की जांच और अनुशंसा कराकर प्रमाणपत्र जारी करने का विकल्प सामने आया है. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करनी होगी. हालांकि, अभ्यर्थियों की परेशानी दूर करने के लिए अब तक ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो सकी है.
अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब पंचायत सचिवों की जांच और अनुशंसा के आधार पर प्रमाणपत्र जारी किए जा सकते हैं, तो इस दिशा में समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई. यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो कई अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए आवेदन करने में परेशानी हो सकती है.
पंचायत सचिव की अनुशंसा पर बन सकता है प्रमाणपत्र : सीओ
कुटुंबा के अंचल अधिकारी चंद्रप्रकाश ने पहले बताया था कि प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं. हालांकि, प्रमाणपत्र नहीं बनने की शिकायत पर दोबारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव द्वारा आवेदन की जांच और अनुशंसा के आधार पर प्रमाणपत्र निर्गत किया जा सकता है. इससे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि इस व्यवस्था को लागू करने के लिए प्रशासन कितनी तेजी से कदम उठाता है.
शुक्रवार को कराई जाएगी विशेष पहल : प्रमुख
प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कई अभ्यर्थियों ने उनके समक्ष प्रमाणपत्र नहीं मिलने की समस्या रखी है. इस संबंध में अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी से बातचीत की गई है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पंचायत सचिवों के माध्यम से आवेदनों की जांच कराने के लिए विशेष पहल की जाएगी. इसके लिए बीडीओ आवश्यक कार्रवाई करेंगे. अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि इस पहल से लंबित प्रमाणपत्र जारी हो सकेंगे और वे समय पर परीक्षा के लिए आवेदन कर पाएंगे.
फोटो कैप्शन: कुटुंबा प्रखंड कार्यालय स्थित आरटीपीएस केंद्र पर पसरा सन्नाटा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
