25 अक्टूबर 2026 की टॉप 5 तस्वीरें : औरंगाबाद के स्कूल में घुसी अनियंत्रित स्कॉर्पियो, छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री का हुआ आगमन, पूर्व मंत्री मुन्द्रिका सिंह यादव की पुण्यतिथि मनायी गयी


स्कूल में घुसी स्कॉर्पियो, बाल-बाल बचे बच्चे
औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के ताराडीह मोड़ के समीप एनएच-19 पर शनिवार की दोपहर एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे डिवाइडर से टकराने के बाद प्राथमिक विद्यालय सुग्गी के परिसर में जा घुसी. वाहन स्कूल परिसर में लगे चापाकल से टकरा गया. हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत दो लोग घायल हो गये. संयोग रहा कि उस समय चापाकल पर पानी पी रहे विद्यालय के बच्चे बाल-बाल बच गये.

औरंगाबाद पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री
छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम शनिवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के तहत औरंगाबाद पहुंचे. शहर के दानी बिगहा स्थित जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया. प्रेसवार्ता की अध्यक्षता पूर्व विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद शंकर सिंह ने की.

PPP मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का विरोध
सौर तीर्थ देव के पातालगंगा में पीपीपी (सार्वजनिक-निजी भागीदारी) मॉडल पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं. राष्ट्रीय किसान मजदूर विकास मंच और देव संस्कृति परिषद ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का विरोध करते हुए वहां पूर्णतः सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग की है. इस मुद्दे पर चौरसियानगर में समाजसेवियों की बैठक डॉ राजेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सर्वसम्मति से दो प्रमुख प्रस्ताव पारित किये गये.

कुर्मी विकास समिति का 51वां पुरस्कार वितरण
दाउदनगर में शिक्षा और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुर्मी विकास समिति की अनुमंडल स्तरीय बैठक बाबू अमौना स्थित कमला प्रसाद उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित की गई. इस दौरान समिति का 51वां पुरस्कार वितरण समारोह हुआ और विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा को प्राथमिकता देने, युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और सामाजिक एकजुटता मजबूत करने पर जोर दिया गया.

पूर्व मंत्री मुन्द्रिका सिंह यादव की 9वीं पुण्यतिथि मनायी गयी
हसपुरा बाजार के कनाप रोड मोहल्ला स्थित एक निजी क्लिनिक में पूर्व मंत्री सह राजद के प्रधान महासचिव रहे स्व. मुन्द्रिका सिंह यादव की 9वीं पुण्यतिथि मनायी गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता सीपीआई नेता राम एकबाल सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक संतोष कुमार ने किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. मुन्द्रिका सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

परिवहन विभाग ने लगाया 8.28 लाख का जुर्माना
शहर के पुरानी जीटी रोड स्थित जिलाधिकारी आवास के सामने शनिवार को जिला परिवहन विभाग की ओर से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया समेत अन्य वाहनों की सघन जांच की गयी. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 111 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 8 लाख 28 हजार 640 रुपये का शमन अधिरोपित किया गया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए