छठ में महज 13 दिन बाकी, आरा के घाटों पर अब तक शुरू नहीं हुई सफाई, व्रतियों की बढ़ेगी परेशानी?
छठ घाट
Arrah Chhath Ghats : छठ महापर्व की तैयारी में जुटे भोजपुर जिले में घाटों पर सफाई न होने से व्रतियों की चिंता बढ़ गई है. समय रहते व्यवस्था दुरुस्त न होने पर परेशानी हो सकती है.
Arrah Chhath Ghats : छठ महापर्व को लेकर पूरे भोजपुर जिले में भक्तिमय माहौल बनने लगा है. घरों से लेकर बाजारों तक भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित गीत सुनाई देने लगे हैं. 'कांच ही बांस के बहंगिया', 'उग हो सूरज देव, भइल अर्घ के बेर' और 'केलवा के पात पर उगेलन सूरज देव' जैसे पारंपरिक गीतों से वातावरण छठमय हो रहा है. इसके बावजूद आरा नगर के छठ घाटों पर सफाई की शुरुआत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.
दुर्गा पूजा में भी सफाई व्यवस्था पर उठे थे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की नियमित सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है. दुर्गा पूजा के दौरान भी कई सड़कों के किनारे कचरा जमा रहा था. श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच पूजा पंडालों तक पहुंचना पड़ा था. अब छठ जैसे बड़े पर्व से पहले भी सफाई अभियान शुरू नहीं होने से नगर निगम और जिला प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं.
शहर में 15 से अधिक घाटों पर दिया जाएगा अर्घ्य
इस वर्ष आरा नगर में 15 से अधिक छठ घाटों पर व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे. स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले शहर में करीब 20 छठ घाट थे, लेकिन अतिक्रमण के कारण इनकी संख्या घटकर लगभग 15 रह गई है. लोक आस्था के इस महापर्व में घाटों की सफाई, स्वच्छ पानी और आवागमन की व्यवस्था का विशेष महत्व है.
कई घाटों पर गंदगी, कहीं पानी की कमी
लोगों का आरोप है कि नगर के किसी भी प्रमुख छठ घाट पर अब तक सफाई अभियान शुरू नहीं किया गया है. कलेक्ट्रेट तालाब में गंदगी जमा है और पानी की भी कमी बताई जा रही है. अन्य घाटों पर भी सफाई की जरूरत है. इसके अलावा कई घाटों तक जाने वाली सड़कें टूटी हुई हैं, जिनकी मरम्मत अब तक नहीं कराई गई है. समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो व्रतियों को परेशानी हो सकती है.
कलेक्ट्रेट छठ घाट पर जुटते हैं कई मोहल्लों के व्रती
कलेक्ट्रेट छठ घाट शहर के प्रमुख घाटों में शामिल है. यहां बाबू बाजार, मौलाबाग, हरि जी का हाता, महावीर टोला, गोला मोहल्ला, तरी मोहल्ला और चौधरियाना सहित कई इलाकों के व्रती अर्घ्य देने पहुंचते हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने के कारण इस घाट पर सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था जरूरी है.
गांगी छठ घाट पर भी रहती है काफी भीड़
गांगी नदी के किनारे स्थित छठ घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती पहुंचते हैं. गौसगंज, मीरगंज, सिंगही, छोटी सिंगही और सतपहाड़ी सहित आसपास के मोहल्लों के लोग यहां छठ पूजा करते हैं. ऐसे में घाट की सफाई और आवागमन की व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जरूरत है.
नहर छठ घाट पर कई मोहल्लों के लोग देते हैं अर्घ्य
आरा-डिहरी मेन कैनाल में आरा लख से धनुपरा तक करीब चार छठ घाट बनाए जाते हैं. इन घाटों पर अहीरपुरवा, नवादा, बहिरो, शिवपुर, आनंद नगर और धरहरा सहित एक दर्जन से अधिक मोहल्लों के व्रती पहुंचते हैं. इन घाटों पर भी सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जानी है.
पावरगंज छठ घाट पर भी जुटते हैं श्रद्धालु
पावरगंज छठ घाट पर तीन से चार मोहल्लों के व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं. यहां भी पर्व के दौरान काफी भीड़ रहती है. ऐसे में घाट की साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करना होगा.
नवीन पुलिस केंद्र घाट पर कई मोहल्लों के व्रती पहुंचते हैं
नवीन पुलिस केंद्र छठ घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं. वशिष्ठ नगर, वशिष्ठ पुरी, महाराणा प्रताप नगर, रामनगर और कश्यप नगर सहित करीब एक दर्जन छोटे-बड़े मोहल्लों के व्रती यहां पूजा करते हैं. घाट पर भीड़ को देखते हुए समय रहते सफाई और व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी है.
चंदवा सूर्य मंदिर घाट पर भी उमड़ती है भीड़
चंदवा सूर्य मंदिर छठ घाट शहर के प्रमुख घाटों में से एक है. यहां चंदवा, अवधपुरी, कृष्णा नगर और रामनगर सहित आसपास के मोहल्लों के श्रद्धालु छठ पूजा करने पहुंचते हैं. इस घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं.
समय रहते सफाई नहीं हुई तो बढ़ेगी परेशानी
छठ महापर्व में अब कम समय बचा है. ऐसे में स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर निगम और जिला प्रशासन जल्द से जल्द सभी घाटों पर सफाई अभियान शुरू कराए. घाटों से गंदगी हटाने के साथ पानी की उपलब्धता, पहुंच पथ की मरम्मत और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए, ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो.
छठ व्रत का कार्यक्रम
| तिथि | अनुष्ठान |
| 13 नवंबर, शुक्रवार | नहाय-खाय |
| 14 नवंबर, शनिवार | खरना |
| 15 नवंबर, रविवार | संध्याकालीन अर्घ्य |
| 16 नवंबर, सोमवार | प्रातःकालीन अर्घ्य |
Also Read : भोजपुर में जमीन खरीदने के बाद भी नहीं मिल रहा मालिकाना हक, दाखिल-खारिज के हजारों मामले अटके
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
