भोजपुर जिला स्थापना दिवस पर बिहिया में प्रतियोगिताओं का आयोजन, 6 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
बिहिया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल छात्र और शिक्षक | Prabhat Khabar Network
Bhojpur District Foundation Day 2026 : भोजपुर जिला स्थापना दिवस पर बिहिया में 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए निबंध, क्विज, मेहंदी और चित्रांकन प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ.
Bhojpur District Foundation Day 2026 : भोजपुर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को बिहिया स्थित पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय में प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ हुई. इसमें प्रखंड के सभी उच्च विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के तहत निबंध, चित्रांकन, क्विज और मेहंदी जैसी विधाओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
चार विधाओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता के समापन के बाद सभी विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया. निबंध प्रतियोगिता में प्लस टू उच्च विद्यालय, चौरास्ता की पूजा कुमारी ने प्रथम, प्लस टू उच्च विद्यालय, बिहिया चौरास्ता के प्रियांशु कुमार ने द्वितीय और कस्तूरबा उच्च विद्यालय, बिहिया की संजना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
क्विज प्रतियोगिता में प्रायोगिक उच्च विद्यालय, बिहिया के अंकुश कुमार प्रथम, उच्च माध्यमिक विद्यालय, कटेया के प्रिंस कुमार द्वितीय और प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, महुआंव की पूजा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं.
मेहंदी और चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेता
मेहंदी प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय, जादवपुर की प्रीति कुमारी ने प्रथम, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, महुआंव की माधुरी कुमारी ने द्वितीय और कस्तूरबा विद्यालय, बिहिया की सुप्रिया कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया.
वहीं, चित्रांकन प्रतियोगिता में कस्तूरबा विद्यालय, बिहिया की आंचल कुमारी प्रथम, उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवपुर की साजिदा खातून द्वितीय और उच्च विद्यालय, कटेया की खुशी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. सभी चयनित प्रतिभागियों को मेडल, कॉपी और कलम देकर सम्मानित किया गया.
बच्चों में जिले के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं ऐसे आयोजन
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बिहिया ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में अपने जिले के प्रति आदर और जागरूकता बढ़ती है. साथ ही उनकी छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाने और उसका विकास करने का अवसर मिलता है.
शिक्षक राजीव रंजन उर्फ महेश कुमार ने बताया कि भोजपुर जिला वर्ष 1972 में अस्तित्व में आया था. इससे पहले यह शाहाबाद जिले का हिस्सा था. 10 नवंबर 1972 को भोजपुर जिला बना और आरा को इसका मुख्यालय बनाया गया. उन्होंने बताया कि भोजपुर का नाम महान राजा भोज के नाम पर पड़ा है. यह वीर कुंवर सिंह की धरती है और भोजपुरी भाषा की जन्मस्थली के रूप में भी इसकी विशेष पहचान है.
6 नवंबर को होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता
प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित सभी प्रतिभागी 6 नवंबर को राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय, आरा में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे. प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अशोक सिन्हा, अमरेंद्र नाथ तिवारी, काशीनाथ राम, इशरत जहां और रश्मि सिन्हा सहित कई शिक्षक शामिल थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
