आरा में छठ संपन्न के बाद घाटों-सड़क पर लगा कचरे का अंबार, चकाचक व्यवस्था की खुली पोल

Updated:
विज्ञापन

कचरे का अंबार

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

छठ महापर्व के बाद आरा के घाटों और सड़कों पर कचरे का अंबार लग गया है. एक दिन पहले तक जगमगाते घाट अब गंदगी से पटे पड़े हैं. प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं.

विज्ञापन

आरा में छठ महापर्व के दौरान जिन घाटों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम से लेकर स्थानीय लोगों तक ने मेहनत की थी, वहां पर्व समाप्त होते ही कचरे का अंबार लग गया है. एक दिन पहले तक रोशनी और सजावट से जगमगाने वाले छठ घाट अब गंदगी से पटे हैं. घाटों के साथ शहर की सड़कों पर भी कचरा बिखरा पड़ा है. इससे आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैलने लगी है. एक ओर लोग सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हैं, वहीं दूसरी ओर पर्व समाप्त होने के बाद खुद भी घाटों पर गंदगी छोड़कर चले गए.

विज्ञापन

छठ के बाद घाटों की सुंदरता हुई गायब

छठ महापर्व को लेकर पिछले चार दिनों से शहर के घाटों की विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई थी. घाटों को आकर्षक बनाने के लिए कई तरह की व्यवस्थाएं की गई थीं. लेकिन व्रत समाप्त होते ही वहां पूजा सामग्री, प्रसाद के अवशेष और अन्य कचरा जमा हो गया. घाटों का मनमोहक दृश्य अब गंदगी के कारण पूरी तरह बदल गया है. कई जगहों पर कचरे के कारण दुर्गंध भी फैल रही है. सड़कों पर भी जगह-जगह कचरा बिखरा दिखाई दे रहा है.

सफाई की मांग करने वालों ने ही फैलाया कचरा

घाटों की सफाई को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन पर सवाल उठाने वाले लोगों की जिम्मेदारी भी पर्व के बाद सामने आई है. छठ के दौरान शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखने वाले कुछ लोगों ने पूजा समाप्त होने के बाद घाटों पर ही कचरा छोड़ दिया. छठ महापर्व में व्रती पूजा सामग्री और प्रसाद तैयार करने से लेकर पूजा-पाठ तक में स्वच्छता का पूरा ध्यान रखते हैं. लेकिन पर्व संपन्न होने के बाद घाटों पर फैली गंदगी इस व्यवस्था के विपरीत तस्वीर पेश कर रही है.

पूजा सामग्री का विधिवत विसर्जन जरूरी

वैदिक परंपराओं के अनुसार पूजा-पाठ और हवन के बाद उपयोग की गई सामग्री का विधिवत विसर्जन किया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक पूजा में इस्तेमाल की गई सामग्रियों को इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए. इन सामग्रियों को इस तरह रखना या विसर्जित करना चाहिए, ताकि उन पर किसी का पैर न पड़े. भगवान भास्कर की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं से भी अपेक्षा की जाती है कि वे पूजा के बाद सामग्री का उचित तरीके से निपटान करें. धार्मिक आस्था के साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का ध्यान रखना भी जरूरी है.

सफाई नहीं होने से नगर निगम पर सवाल

छठ के बाद घाटों पर फैली गंदगी की सफाई नहीं होने से नगर निगम की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. घाटों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम की है. इसके लिए हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं. इसके बावजूद पर्व समाप्त होने के बाद घाटों की सफाई नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है. समय पर कचरा नहीं हटाए जाने से घाटों की स्थिति लगातार खराब हो रही है.

पर्व के बाद नहीं दिख रहे सामाजिक संगठन

छठ के दौरान कई स्वयंसेवी और सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए चाय, पानी और जलपान की व्यवस्था की थी. इस दौरान घाटों पर उनकी सक्रियता भी दिखाई दे रही थी. लेकिन पर्व समाप्त होने के बाद घाटों और सड़कों की सफाई के लिए ये संगठन नजर नहीं आ रहे हैं. जिन स्थानों पर उनके माध्यम से जलपान वितरित किया गया था, वहां भी कचरा फैला हुआ है. ऐसे में पर्व के दौरान सेवा करने वाले संगठनों से भी सफाई अभियान में सहयोग की अपेक्षा की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन