Watch Video : भक्ति गीतों की धुन पर झूम उठा कुर्साकांटा, अनुपमा की प्रस्तुति ने जागरण की रात को बनाया यादगार
अररिया के कुर्साकांटा में भक्ति जागरण में अनुपमा यादव की सुरीली आवाज ने समां बांधा. नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों दर्शक झूमते रहे.
अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड मुख्यालय स्थित नेताजी सुभाष स्टेडियम मंगलवार की रात भक्ति संगीत से गुलजार रहा. आजाद हिंद क्लब की ओर से आयोजित भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका अनुपमा यादव ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक भक्ति संगीत की धुन पर झूमते रहे. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पूर्व मंत्री सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल, सांसद प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व प्रखंड प्रमुख सुशील कुमार सिंह और आयोजन समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
जनप्रतिनिधियों ने की आयोजक समिति की सराहना
कार्यक्रम में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बेहतर आयोजन के लिए आयोजक समिति की सराहना की. उन्होंने कहा कि नामचीन कलाकारों को आमंत्रित कर इतने भव्य कार्यक्रम का आयोजन करना और उसे कुशलतापूर्वक संपन्न कराना सराहनीय है. वहीं पूर्व मंत्री सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल ने भी आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है.
देर रात तक भक्ति संगीत का आनंद लेते रहे दर्शक
गायिका अनुपमा यादव की भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये. उनकी गायकी पर दर्शक तालियां बजाते और झूमते नजर आये. देर रात तक स्टेडियम में श्रोताओं की भीड़ जमी रही. मंच संचालन की जिम्मेदारी गुलाब सिंह ने बखूबी निभायी.
कार्यक्रम को सफल बनाने में आजाद हिंद क्लब के अमित कुमार, रविशंकर बैठा, शुभम साह, करण साह, सूरज कुमार, निशांत झा, शिवम साह, शुभम राज, राहुल साह, रमेश, पीयूष और सोनू समेत स्थानीय युवाओं की सराहनीय भूमिका रही.
मौके पर जिला परिषद प्रतिनिधि अजित झा, मुखिया प्रतिनिधि अरविंद मंडल, पूर्व मुखिया मो मुश्ताक अली, प्रणव गुप्ता, प्रेम प्रकाश, श्रवण सिंह, मो जमीलुर्रहमान, पैक्स अध्यक्ष रमन वर्मा, भवेश राय, संतोष कुमार सुमन, संतोष साह और मनोज साह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी थी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए