नरपतगंज में अकीदत के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
फोटो- नरपतगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन | Prabhat Khabar Network
इस्लाम के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर नरपतगंज में ईदे मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. मुस्लिम समुदाय ने जुलूस निकालकर खुशियां मनाईं, जिसमें गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली.
अररिया, नरपतगंज. इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को नरपतगंज प्रखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया. नरपतगंज, फुलकाहा, घुरना और बसमतिया थाना क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस निकालकर पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन की खुशियां मनाईं. इस दौरान क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला.
आपके शहर में
फुलकाहा और घुरना से निकला जुलूस
फुलकाहा बाजार स्थित कादरिया इस्लामिया मदरसा और घुरना थाना क्षेत्र के पथराहा पंचायत अंतर्गत घुरना स्थित राजा नगर मस्जिद से जुलूस निकाला गया. जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए. लोगों के हाथों में हरे, लाल और तिरंगे झंडे थे. पैगंबर मोहम्मद साहब की शान में नारे लगाते हुए जुलूस विभिन्न मार्गों से गुजरा. जगह-जगह स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और पानी व शरबत की व्यवस्था की.
गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली. जुलूस के दौरान कई स्थानों पर हिंदू समाज के लोगों ने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर जन्मदिन की बधाई दी. वर्षों से चली आ रही इस परंपरा ने क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव का संदेश दिया.
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. नरपतगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष धनजी कुमार, फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, घुरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा. जुलूस के मार्ग और प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे.
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
जुलूस में मुखिया प्रतिनिधि अरुण यादव, जदयू नेता आशीष पटेल, पंसस प्रतिनिधि राजा रक्षित, पूर्व मुखिया संजय सिंह, डॉ. आजाद अंसारी, डॉ. शाहनवाज, असलम अंसारी, हसीब अख्तर, परवेज आलम समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. वहीं घुरना में मो. हदीस, मो. सकिद, मो. जाहिद राजा, मो. समीम सहित अन्य लोगों ने जुलूस को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए