फारबिसगंज: मझुआ में युवाओं ने संभाली छठ की कमान, होगी बोरिंग
मझुआ नहर में छठ घाटों की साफ-सफाई करते स्थानीय लोग. | Prabhat Khabar Network
मझुआ में युवाओं ने छठ पूजा की तैयारी संभाली है. नहर की सफाई, घाटों का सौंदर्यीकरण और बोरिंग से पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर फारबिसगंज प्रखंड के मझुआ में स्थानीय युवाओं ने सराहनीय पहल शुरू की है. नहर में पानी आने की अनिश्चितता और पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानियों को देखते हुए युवाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वयं आगे आकर कमान संभाल ली है. युवाओं ने नहर की साफ-सफाई और छठ घाटों को व्यवस्थित करने का बीड़ा उठाया है. इसी कड़ी में स्थानीय युवाओं के प्रयास से सीमांचल ट्रेडर्स द्वारा जेसीबी मशीन लगवाकर नहर की सफाई का कार्य शुरू कराया गया है.
नहर के महाड़ पर बोरिंग से होगी पानी की वैकल्पिक व्यवस्था
मझुआ नहर में पानी उपलब्ध होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, जिससे ग्रामीणों और छठव्रतियों के बीच चिंता का माहौल था. प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी नहर के किनारे भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं. ऐसे में पानी की कमी की आशंका को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. इसके लिए नहर के महाड़ पर बोरिंग कराने की योजना बनाई गई है, ताकि नहर में पानी की कमी रहने पर भी छठव्रतियों को अर्घ्य देने में कोई बाधा न आए.
सफाई के साथ रास्तों और रोशनी का भी पुख्ता प्रबंध
स्थानीय युवा व समाजसेवी विवेक सिंह, पूर्व प्रखंड प्रमुख अशोक विश्वास, मुखिया प्रतिनिधि कलानंद विश्वास, राजा विश्वास, सदिक कुमार, जीवन सिंह, प्रितम कुमार एवं पवन कुमार सहित अन्य युवाओं ने बताया कि उनका उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल तैयार करना है. इसके तहत नहर की सफाई के साथ घाटों को व्यवस्थित करने, रास्तों को सुगम बनाने और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं जुटाई जा रही हैं. सुबह और शाम के अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए छठ घाटों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था भी की जा रही है.
सामूहिक प्रयास से छठ की तैयारियों को मिली गति
मुखिया प्रतिनिधि कलानंद विश्वास और युवा समाजसेवी विवेक सिंह ने युवाओं के इस सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महापर्व में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है और सभी लोग आपसी सहयोग से जुटे हैं. उन्होंने इस कार्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. स्थानीय ग्रामीणों ने भी युवाओं की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सामाजिक सहभागिता से ही पर्व को बेहतर तरीके से संपन्न कराया जा सकता है. इस पहल से मझुआ में छठ पर्व की तैयारियों को तेज गति मिली है और समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी होने की उम्मीद जगी है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
