Exclusive Interview: 'वैभव ऐसी दीवार खड़ी करेगा, जिसे कोई नहीं तोड़ पाएगा', सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा से खास बातचीत

Updated:
विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी और मनीष ओझा (फोटो- सोशल मीडिया/AI)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

‘आज तक कोई भी महान खिलाड़ी बेंच पर बैठकर नहीं बना है.’ वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिलने पर उनके कोच मनीष ओझा ने यह बात कही है.

विज्ञापन

Vaibhav Sooryavanshi Coach Exclusive Interview: प्रभात खबर डिजिटल से खास बातचीत में ओझा ने न सिर्फ वैभव को लगातार बाहर बैठाए जाने पर अपनी चिंता जाहिर की, बल्कि यह भी बताया कि उन्हें अपने इस शिष्य को मैदान से बाहर देखकर कितना दुख होता है.

विज्ञापन

आईपीएल 2026 में 776 रन बनाने वाले वैभव भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज के चार मुकाबले बीतने के बाद भी भारतीय सरजमीं पर डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं. ओझा ने वैभव के साथ अपने जुड़ाव, उसके संघर्ष, सुनील गावस्कर की सलाह और आईपीएल 2027 के लक्ष्य पर भी खुलकर बात की. पढ़िए बातचीत के प्रमुख अंश.

सवाल: वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग में मौका नहीं मिल रहा है, एक कोच के तौर पर आप इसे कैसे देखते हैं?

मनीष ओझा: आज तक कोई भी महान खिलाड़ी बेंच पर बैठकर नहीं बना है. खिलाड़ी मैदान में उतरा, उसने अपना पोटेंशियल साबित किया, तभी वह महान बन पाया. वैभव ने आईपीएल, जिम्बाब्वे दौरे पर और एशियन गेम्स में अच्छा प्रदर्शन किया है. इसके बाद भी उसे मौका मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है. एज अ गार्जियन बोलिए या फादर फिगर बोलिए, बेंच पर बैठे देखकर दुख तो होता ही है. यह बहुत पेनफुल है कि प्रदर्शन के बाद वह इस मुकाम पर पहुंचा है, लेकिन उसे अपने मौके के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है.

सवाल: जब वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलती, तो आप उससे क्या बात करते हैं?

मनीष ओझा: वैभव से जब भी बात होती है, तो हम लोग सकारात्मक बातें करने की कोशिश करते हैं. उसे पॉजिटिव माइंडसेट में बनाए रखना जरूरी है. इतना छोटा बच्चा है, उसे इतना दिमाग लगाने की जरूरत नहीं है. वह जहां दिमाग लगाता है, वहीं लगाना चाहिए- बैटिंग में. उसे अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहिए और लगातार मेहनत करते रहना चाहिए.

वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा (फोटो-सोशल मीडिया)
वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा (फोटो-सोशल मीडिया)

सवाल: वैभव को टीम में मौका क्यों नहीं मिल रहा है? क्या आपको इसकी कोई वजह समझ में आती है?

मनीष ओझा: यह टीम मैनेजमेंट का फैसला है. वैभव को प्लेइंग इलेवन में कब शामिल करना है, इसका जवाब वही दे सकता है. एक कोच के तौर पर मैं चाहता हूं कि उसे खेलने का मौका मिले और वह मैदान पर अपना प्रदर्शन दिखाए.

सवाल: वैभव के क्रिकेट सफर की शुरुआत कैसे हुई? आपने उसे पहली बार कब ट्रेनिंग देना शुरू किया?

मनीष ओझा: वैभव ने करीब चार साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. उसके पिता संजीव सूर्यवंशी ने घर पर ही नेट्स और अभ्यास के लिए पिच तैयार कराई थी. करीब आठ साल की उम्र में वह पटना की जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग लेने आया. इसके बाद मैंने उसके साथ काम करना शुरू किया.

वैभव को अभ्यास कराने के लिए परिवार को समस्तीपुर से पटना तक आना-जाना पड़ता था. उसने छोटी उम्र से ही क्रिकेट को गंभीरता से लिया. करीब 11 साल की उम्र में उसने सीनियर खिलाड़ियों के खिलाफ 118 रन की पारी खेली थी. उसके अंदर रन बनाने की भूख शुरू से रही है.

सवाल: इतने साल तक वैभव के साथ काम करने के बाद अब उसे इस मुकाम पर देखकर कैसा लगता है?

मनीष ओझा: किसी भी बच्चे को जब आप ट्रेनिंग कराते हैं, उसके साथ जुड़कर काम करते हैं और वह अच्छा प्रदर्शन करके आगे जाता है, तो आपको भी अच्छा लगता है. एक दिल का जुड़ाव हो जाता है. जब वह अच्छा करता है, तो खुशी होती है. वहीं, जब उसे खेलने का मौका नहीं मिलता, तो दुख भी होता है.

">

सवाल: वैभव को प्लेइंग में मौका मिले उसके लिए उसे और क्या करना चाहिए?

मनीष ओझा: उन्होंने इस सवाल का जवाब देते हुए गावस्कर द्वारा कही गई एक बात कही. उन्होंने कहा कि 100 रन बनाने के बाद भी मौका नहीं मिलता है, तो 150 रन बनाने का लक्ष्य रखो. फिर 200 और उसके बाद 250 रन बनाने की कोशिश करो. मतलब हर बार अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने का प्रयास करो.

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाए हैं. अब अगले सीजन में उसे 1000 रन बनाने होंगे ताकि उसे प्लेइंग में लगातार मौके मिले और वो अपना हुनर दुनिया को और अच्छे से दिखा पाए. मुझे पूरा उम्मीद है कि वैभव ऐसी दीवार खड़ी करेगा, जिसे कोई तोड़ नहीं पाएगा.

वैभव सूर्यवंशी (फोटो- एक्स)
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- एक्स)

सवाल: वैभव के साथ आपका रिश्ता एक कोच से बढ़कर है. आप उसके लिए क्या सपना देखते हैं?

मनीष ओझा: बाप और कोच दोनों ऐसे होते हैं, जो अपने बच्चे की बुराई नहीं करते. मेरा भी वैभव से जुड़ाव है. मैं चाहता हूं कि वह खेले और ऐसा प्रदर्शन करे कि उसके सामने सभी सितारों की चमक फीकी पड़ जाए. उसने यहां तक पहुंचने के लिए मेहनत की है. मैं चाहता हूं कि उसे मौका मिले और वह अपनी प्रतिभा साबित करे.

सवाल: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज के चार मुकाबले बीत गए हैं. क्या आपको उम्मीद है कि वैभव को भारतीय सरजमीं पर खेलने का मौका मिलेगा?

मनीष ओझा: उम्मीद तो यही है कि उसे मौका मिले और वह खेले. लेकिन प्लेइंग इलेवन में किसे शामिल करना है, यह टीम मैनेजमेंट का फैसला होता है. हम चाहते हैं कि वैभव को खेलने का अवसर मिले, ताकि वह मैदान पर अपना खेल दिखा सके.

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज के चार मुकाबले बीत चुके हैं, लेकिन वैभव सूर्यवंशी को अब तक भारतीय सरजमीं पर खेलने का मौका नहीं मिला है. आईपीएल 2026 में 776 रन बनाने के बाद उनके प्रदर्शन से उम्मीदें बढ़ी हैं. उनके कोच मनीष ओझा चाहते हैं कि वैभव को मैदान पर उतरकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले. फिलहाल, उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला टीम मैनेजमेंट के हाथ में है. अब देखना होगा कि वैभव का इंतजार कब खत्म होता है और उन्हें अपनी बल्लेबाजी दिखाने का मौका कब मिलता है.

ये भी पढ़ें: 'आत्मविश्वास तोड़ दिया', वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिलने पर भड़के कृष्णमाचारी श्रीकांत

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola