"मैं उन्हें आज भी दोस्त मानता हूं, लेकिन..." योगराज सिंह के बयान पर कपिल देव ने तोड़ी चुप्पी

Author Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन

योगराज सिंह के विवादित बयानों पर कपिल देव ने तोड़ी चुप्पी

Kapil Dev statement on Yograj Singh: कपिल देव ने योगराज सिंह के बयानों पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है. जानिए उन्होंने क्या कहा और क्यों वे कड़वाहट पसंद नहीं करते.

विज्ञापन

Kapil Dev statement on Yograj Singh: कपिल देव ने कहा कि वह आज भी योगराज सिंह को अपना दोस्त मानते हैं, लेकिन वह जिंदगी में ऐसे लोगों से दूरी रखना पसंद करते हैं जो लंबे समय तक कड़वाहट लेकर चलते हैं. उन्होंने कहा कि इंसान को अपने जीवन में मिली उपलब्धियों और अच्छे पलों को याद रखना चाहिए, न कि पुरानी शिकायतों में उलझे रहना चाहिए.

विज्ञापन

कपिल देव ने विवादों पर तोड़ी चुप्पी

स्पोर्ट्स तक के एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कपिल देव ने कहा, "मुझे नहीं पता कि वह क्या कहना चाहते हैं. मैं आज भी उनका दोस्त हूं. मेरी तरफ से कोई समस्या नहीं है. लेकिन मुझे जिंदगी में कड़वे लोगों से मिलना पसंद नहीं है. मुझे खुश रहने वाले लोगों से मिलना अच्छा लगता है." उन्होंने आगे कहा कि जीवन में हर किसी को सब कुछ नहीं मिलता. कभी सफलता खुद मिलती है तो कभी परिवार के किसी सदस्य को बड़ी उपलब्धि हासिल होती है. ऐसे में व्यक्ति को खुश रहना सीखना चाहिए. कपिल ने कहा, "आपकी प्रतिक्रिया यह तय करती है कि आप किस तरह के इंसान हैं. अगर मैं किसी को थप्पड़ मार दूं या गाली दे दूं तो उससे क्या हासिल होगा. जिंदगी में आगे बढ़ना जरूरी है."

युवराज सिंह की सफलता पर जताई खुशी

कपिल देव ने योगराज सिंह को उनके बेटे युवराज सिंह की उपलब्धियों को लेकर खुश रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि युवराज ने भारतीय क्रिकेट में शानदार योगदान दिया और देश के लिए खेलने वाले महान खिलाड़ियों में अपना नाम बनाया. कपिल ने कहा, "उनका बेटा इतना अच्छा कर चुका है, उन्हें खुश रहना चाहिए और खुशी से जिंदगी जीनी चाहिए. कोई भी व्यक्ति सब कुछ हासिल नहीं कर सकता. कभी आपको मिलता है, कभी आपके परिवार को मिलता है. आखिर में खुश रहना जरूरी है, कड़वा नहीं बनना चाहिए."

बचपन के दोस्त को लेकर भावुक हुए कपिल देव

कपिल देव ने योगराज सिंह के साथ अपने पुराने रिश्ते को भी याद किया. उन्होंने कहा कि दोनों ने बचपन साथ बिताया और उनके बीच कई शानदार यादें हैं. उन्होंने कहा, "बचपन का दोस्त है. हम अपनी-अपनी राह पर चले गए, लेकिन हमने शानदार समय बिताया. हम साथ बड़े हुए. अगर जिंदगी में रिश्तों में बदलाव आ जाए तो भी अच्छे समय को नहीं भूलना चाहिए. कई बार इंसान इतना कड़वा हो जाता है कि वह पुराने अच्छे पलों को याद ही नहीं रखता. मैं अच्छे समय को याद रखता हूं."

योगराज सिंह ने लगाए थे गंभीर आरोप

गौरतलब है कि योगराज सिंह ने कई मौकों पर कपिल देव पर आरोप लगाए थे कि जब कपिल भारतीय टीम, नॉर्थ जोन और हरियाणा के कप्तान बने तो उन्होंने बिना वजह उन्हें टीम से बाहर कर दिया था. एक इंटरव्यू में योगराज सिंह ने दावा किया था कि इस फैसले से वह काफी नाराज हुए थे और उन्होंने कपिल देव के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया था. उनके कुछ पुराने बयानों में कपिल देव के प्रति बेहद तीखी भाषा का इस्तेमाल भी किया गया था.

युवराज सिंह ने मांगी थी माफी

पिता योगराज सिंह के बयानों के बाद युवराज सिंह ने सार्वजनिक तौर पर कपिल देव से माफी मांगी थी. हालांकि कपिल देव ने युवराज की इस माफी को जरूरी नहीं बताया. कपिल ने कहा, "उन्हें माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं थी. कई बार चीजें हो जाती हैं. वह महान क्रिकेटर हैं. उन्होंने जिस तरह देश की सेवा की और क्रिकेट को लोकप्रिय बनाया, उसके लिए लोग उन्हें पसंद करते हैं."

विवादों से ऊपर उठकर आगे बढ़ना ही जीवन है

कपिल देव की प्रतिक्रिया एक बार फिर उनके शांत और संतुलित व्यक्तित्व को दर्शाती है. क्रिकेट मैदान पर नेतृत्व के लिए पहचाने जाने वाले कपिल ने निजी विवाद को भी सकारात्मक नजरिए से देखने की कोशिश की और संदेश दिया कि जीवन में पुरानी नाराजगी से ज्यादा जरूरी है अच्छे पलों और रिश्तों की कद्र करना.

इसे भी पढ़े- Untold Stories of Cricketers: मैदान के हीरो, रिश्तों में 'ज़ीरो'? क्रिकेटर्स की वो अनकही दास्तान जो आपने कभी नहीं सुनी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola