आस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन को भारत के खिलाफ अच्छे सीरीज की उम्मीद

Updated at : 07 Jan 2020 2:30 PM (IST)
विज्ञापन
आस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन को भारत के खिलाफ अच्छे सीरीज की उम्मीद

सिडनी : लगातार पांच टेस्ट जीतने के बाद आत्मविश्वास से भरे आस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन ने कहा है कि वह इस साल ‘शानदार’ शृंखला में भारत की मेजबानी करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकते लेकिन निश्चित तौर पर बदला लेने की बात उनके दिमाग में नहीं है. आस्ट्रेलिया ने 2018-19 सत्र में […]

विज्ञापन

सिडनी : लगातार पांच टेस्ट जीतने के बाद आत्मविश्वास से भरे आस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन ने कहा है कि वह इस साल ‘शानदार’ शृंखला में भारत की मेजबानी करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकते लेकिन निश्चित तौर पर बदला लेने की बात उनके दिमाग में नहीं है. आस्ट्रेलिया ने 2018-19 सत्र में घरेलू सरजमीं पर पहली बार भारत के खिलाफ टेस्ट शृंखला गंवाई थी लेकिन तब गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के कारण टीम के दिग्गज बल्लेबाजों स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर प्रतिबंध लगा था.

तब से आस्ट्रेलिया ने लंबा सफर तय किया है. टीम के युवा बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जबकि तेज गेंदबाज भी बेहतर कर रहे हैं और स्मिथ-वार्नर की जोड़ी की भी टीम में वापसी हो चुकी है. आस्ट्रेलिया ने हाल में संपन्न घरेलू सत्र में पाकिस्तान को दोनों टेस्ट में चार दिन के भीतर हराया जबकि न्यूजीलैंड का भी 3-0 से क्लीनस्वीप किया. पेन ने कहा, ‘‘बांग्लादेश दौरे पर अगर हम अच्छा खेल पाये और कुछ जीत दर्ज कर पाए तो इसके बाद हमें आस्ट्रेलिया में भारत के खिलाफ खेलना है और यह खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों के लिए शानदार शृंखला होगी.’ उन्होंने कहा, ‘‘उस शृंखला के बारे में नहीं सोचना मुश्किल है और क्रिकेट आस्ट्रेलिया में कुछ लोग हैं जो पहले ही उस शृंखला को लेकर बेताब हैं. लेकिन खिलाड़ियों के लिए अगला लक्ष्य बांग्लादेश है और हम उसे हल्के में नहीं ले सकते.’ पिछले सत्र में भारत के खिलाफ आस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के जूझने का अंदाजा इस बात से लग सकता है कि तब उसकी ओर से 79 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी सलामी बल्लेबाज मार्कस हैरिस ने सिडनी में अंतिम टेस्ट में खेली थी जबकि इस सत्र में वार्नर तिहरा शतक और मार्नस लाबुशेन दोहरा शतक जड़ चुके हैं. इसके अलावा प्रत्येक मैच में कम से कम एक व्यक्तिगत शतक जड़ा गया.

पेन ने कहा कि उनकी नजरें बदला लेने पर नहीं है बल्कि इससे कुछ बड़ा दांव पर लगा हुआ है. उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर मैं इसे बदले के तौर पर नहीं देख रहा. निश्चित तौर पर पिछले साल यहां वे जिस टीम के खिलाफ खेले थे हमारी टीम उससे अलग है. यहां कुछ अधिक दांव पर लगा हुआ है- विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक दांव पर लगे हुए हैं.’ पेन ने कहा, ‘‘दोनों टीमों, आस्ट्रेलिया और भारत की नजरें फाइनल पर हैं इसलिए प्रत्येक अंक महत्वपूर्ण है.

अगर हम पिछले 12 महीने के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हैं तो निश्चित तौर पर दुनिया की शीर्ष दो या तीन टीमों में जगह बना पाएंगे. यह शानदार शृंखला होगी.’ पेन ने स्वीकार किया कि भारत अब वह टीम नहीं है जो अपने स्पिनरों पर काफी अधिक निर्भर है और टीम के पास अब जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा जैसे शानदार तेज गेंदबाज हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola