FIH Pro League Hockey: भारत ने वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी को 3-2 से हराया, सुखजीत सिंह ने दागे 2 गोल
Published by : Agency Updated At : 10 Mar 2023 10:42 PM
FIH Pro League Hockey: भारत ने प्रो लीग हॉकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी को 3-2 से हरा दिया है. सुखजीत सिंह ने भारत के लिए दो गोल दागे. भारत का सामना अब रविवार को आस्ट्रेलिया से होगा जबकि जर्मनी की टीम से दूसरे चरण का मैच सोमवार को होगा.
राउरकेला : स्ट्राइकर सुखजीत सिंह के दूसरे हाफ में किये गये दो गोल की मदद से भारत ने शुक्रवार को यहां एफआईएच प्रो लीग हॉकी के पहले मैच में विश्व चैम्पियन जर्मनी को 3-2 से हराकर उलटफेर किया. विश्व कप के निराशाजनक अभियान के बाद यह भारत का पहला मुकाबला था. भारत के जनवरी में विश्व कप के प्री क्वार्टरफाइनल से बाहर होने के बाद कई खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया था.
केवल 26 वर्षीय सुखजीत सिंह ही थे, जिन्हें टीम से बाहर नहीं किया गया था. उन्होंने आज के मुकाबले में 31वें और 42वें मिनट में मैदानी गोल दागे. टूर्नामेंट में अब तक संयुक्त रूप से शीर्ष स्कोरर में शामिल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलायी थी. भुवनेश्वर और यहां आयोजित हुए विश्व कप में हरमनप्रीत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये थे.
Also Read: FIH Hockey Pro League: राउरकेला में हॉकी प्रो लीग के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू, जानें कैसे करें बुक और कीमत
भारत ने 42वें मिनट तक 3-0 से बढ़त बना ली थी जिसके बाद जर्मनी के लिए पॉल फिलिप कॉफमैन और माइकल स्ट्रुथॉफ ने क्रमश: 44वें और 57वें मिनट में गोल किये. जर्मनी की टीम में विश्व कप जीतने वाली टीम के कई खिलाड़ी मौजूद थे जो पेनल्टी कॉर्नर से गोल करने में जूझते नजर आये. जर्मनी को छह पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि भारत ने चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये.
मैच के अंतिम क्षणों में भारत ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया जिसमें जर्मनी ने अपने गोलकीपर को बाहर कर एक अतिरिक्त खिलाड़ी अपने आक्रमण में शामिल किया. जर्मनी ने मैच खत्म होने से दो मिनट पले माइकल की बदौलत अपना दूसरा गोल किया जिसमें हानेस मुलर ने गोल करने में मदद की. मैच के अंतिम क्षण में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन हरमनप्रीत इसे गोल में नहीं बदल सके जिससे भारत ने 3-2 की जीत से तीन अंक हासिल किये. भारत का सामना अब रविवार को ऑस्ट्रेलिया से होगा जबकि जर्मनी की टीम से दूसरे चरण का मैच सोमवार को होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










