By Digital Jharkhand desk | Updated Date: Nov 14 2019 8:23PM
रांची : ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने एक तरह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ अपना गठबंधन तोड़ दिया है. भाजपा की 52 प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले 17 सीट पर अपना प्रत्याशी उतारने की बात करने वाले सुदेश महतो ने गुरुवार को कहा कि उनकी दावेदारी 26 सीटों पर है. इन सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की उनकी तैयारी है. हालांकि, सुदेश महतो ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह किन 26 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं.
इसे भी पढ़ें : भाजपा ने 15 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की, नीलकंठ सिंह मुंडा लड़ेंगे खूंटी से, सरयू पर सस्पेंस कायम
इससे पहले झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप बलमुचु सुदेश महतो की पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) में शामिल हो गये. आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने पार्टी में उनका स्वागत किया. प्रदीप बलमुचु को आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बना सकती है.
इसे भी पढ़ें : मनी लांड्रिंग के आरोपी झारखंड के पूर्व मंत्री हरिनारायण राय को हाइकोर्ट ने नहीं दी चुनाव लड़ने की अनुमति
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री बलमुचु ने मंगलवार देर रात आजसू अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो से मुलाकात की थी़ दोनों नेताओं के बीच भावी रणनीति पर चर्चा हुई थी़ श्री बलमुचु ने कहा था कि उन्होंने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के साथ झारखंड की राजनीति पर चर्चा की. उन्होंने इस बात के भी संकेत दिये थे कि वह आजसू में शामिल हो सकते हैं.