टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की पहले ही रची गई थी साजिश? एक हफ्ते पहले भी मैदान पहुंचे थे तीनों शूटर
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस अपडेट
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीनों आरोपी 11 अक्टूबर को भी जुहू के उसी मैदान में पहुंचे थे. CCTV फुटेज के मुताबिक, रविवार (18 अक्टूबर) को भी उन्होंने करीब ढाई घंटे तक इंतजार किया, जिसके बाद उन्हें हमला करने का मौका मिला.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीनों आरोपी 11 अक्टूबर को भी जुहू के उसी फुटबॉल मैदान पर पहुंचे थे. CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड से पता चला है कि तीनों वहां कुछ देर तक रुके थे. पुलिस को शक है कि वे उस दिन भी टाइगर श्रॉफ पर हमला करने के इरादे से आए थे. लेकिन एक्टर उस दिन फुटबॉल खेलने नहीं पहुंचे, इसलिए आरोपी बिना हमला किए लौट गए. इसके एक हफ्ते बाद रविवार को तीनों फिर मैदान के पास पहुंचे और टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की.
“टाइगर श्रॉफ को फुटबॉल खेलना बहुत पसंद है. वह हर रविवार शाम 5 से 7 बजे के बीच पुष्पा नरसी ग्राउंड आते हैं. वह शायद ही कभी रविवार को फुटबॉल खेलना छोड़ते हैं.” यह बात उनके एक दोस्त ने कही, जो रविवार को भी उनके साथ मौजूद थे. उन्होंने अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी.
गैंगस्टर अनिल पंडित की भूमिका की जांच कर रही पुलिस
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में अमेरिका से गैंग चलाने वाले अनिल पंडित का नाम प्रमुख संदिग्ध के तौर पर सामने आया है. पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है. उसे हरियाणा और दिल्ली में जबरन वसूली और लोगों पर हमला करने के एक दर्जन से ज्यादा मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है. दिल्ली में दर्ज कई मामलों में भी उसकी भूमिका की जांच हो रही है. इनमें एक मशहूर पंजाबी गायक के जिम के बाहर हुई फायरिंग का मामला भी शामिल है.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में तीन शूटरों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें दो हरियाणा और एक बिहार के रहने वाले हैं. तीनों को राजस्थान की कोटा पुलिस ने गिरफ्तार किया.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के पीछे सलमान खान से जुड़ा विवाद? वायरल ऑडियो में धमकी का दावा
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इसमें गैंगस्टर अनिल पंडित के सलमान खान को लेकर धमकी देने का दावा किया जा रहा है. ऑडियो में कहा गया है कि टाइगर ने सलमान के साथ काम नहीं करने की चेतावनी को नजरअंदाज किया था. क्लिप में सलमान से लॉरेंस बिश्नोई गैंग और बिश्नोई समाज से माफी मांगने की बात भी कही गई है.
सलमान पर 1998 में काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था. बिश्नोई समाज काले हिरण को पवित्र मानता है. ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए