दिल्ली में भरभराकर गिरी मकान की छत, 3 साल के मासूम समेत 2 की मौत; मलबे में 6 लोगों के दबे होने की आशंका
मकान की छत गिरने के बाद की तस्वीर
पूर्वी दिल्ली के कस्तूरबा नगर में मकान की छत ढहने से 3 साल के बच्चे समेत 2 की मौत हो गई. मलबे में 6 लोगों के फंसे होने की आशंका है. बचाव अभियान जारी है.
Delhi Building Collapse : पूर्वी दिल्ली के कस्तूरबा नगर इलाके में मंगलवार को एक मकान की छत अचानक ढह गई. इस हादसे में तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
तीन साल के बच्चे और 35 वर्षीय पिंटू की मौत
मृतकों की पहचान तीन साल के बच्चे और 35 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मकान में रहने वाले सभी आठ लोग किरायेदार थे. छत गिरने के बाद वे मलबे में फंस गए. अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.
बचाव अभियान जारी, स्थानीय लोग भी जुटे
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गए. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इस अभियान में स्थानीय लोग भी बचावकर्मियों की मदद कर रहे हैं. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है.
बीजेपी पार्षद ने अवैध निर्माण को बताया हादसे की वजह
हादसे के बाद बीजेपी पार्षद पंकज लूथरा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मकान गिरने के लिए कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराया. उनका दावा है कि जिस जमीन पर मकान बना था, वह रेलवे की है और वहां पिछले पांच से छह दशकों से अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं.
रेलवे की जमीन पर कब्जे का आरोप
पंकज लूथरा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस जमीन पर यह इमारत बनी थी, वह वास्तव में रेलवे की है. उनके मुताबिक, पिछले पांच से छह दशकों से लोग इस जमीन पर कब्जा कर अवैध ढांचे खड़े कर रहे हैं. हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
खबर अपडेट हो रही है...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
